BREAKING
खबरें लोड हो रही हैं...
Home ट्रेंडिंग वाराणसी: अब अफसर गोद लेंगे थाना, CP ने चौक तो DIG ने...

वाराणसी: अब अफसर गोद लेंगे थाना, CP ने चौक तो DIG ने कैंट चुना

 

वाराणसी। शहर की पुलिसिंग सुधारने के लिए कमिश्नरेट में अब नया प्रयोग शुरू होने जा रहा है। पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने अफसरों को एक-एक थाना गोद लेने की जिम्मेदारी दी है।

कैंप कार्यालय में हुई बैठक में सीपी ने कहा कि चौराहों पर ड्यूटी से ज्यादा जरूरी थानों की व्यवस्था सुधारना है। थाने की सूरत बदलेगी तभी जनता का भरोसा जीता जा सकेगा। उनके इस प्रस्ताव पर सभी अधिकारियों ने सहमति जताई।

पुलिस कमिश्नर ने भी लिया गोद

सबसे पहले खुद पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने चौक थाने को गोद लिया है। इसके बाद डीआईजी ने कैंट थाने की जिम्मेदारी ली है। इसी तरह एडीसीपी, एसीपी और सीओ रैंक के अधिकारियों को भी उनके सर्किल के एक-एक थाने का अभिभावक बनाया गया है।

क्या-क्या बदलेगा?

बैठक में सीपी ने थानों के लिए नई गाइडलाइन जारी की है। इसमें सबसे पहले थाने की साफ-सफाई, बैरक, मेस और शौचालय की स्थिति सुधारने को कहा गया है। थाने में आने वाले पीड़ितों के लिए बैठने की व्यवस्था, पीने के पानी और उनकी शिकायतों की त्वरित सुनवाई पर जोर रहेगा।

लाना होगा सुधार

अफसरों को कहा गया है कि वे रोज कुछ समय अपने गोद लिए थाने में बिताएं, वहां की समस्याओं को समझें और खुद समाधान निकालें। थाने की कार्यप्रणाली, एफआईआर दर्ज करने के तरीके और विवेचना की गुणवत्ता में सुधार लाना होगा।

सीपी ने बताया कि जब सीनियर अधिकारी खुद थाने पर ध्यान देंगे तो थानेदार और सिपाहियों में बेहतर काम करने की होड़ लगेगी। इससे कई नए आइडिया सामने आएंगे। जो प्रयोग एक थाने में सफल होगा, उसे दूसरे थानों में भी लागू किया जाएगा।

इस पहल से उम्मीद है कि आने वाले दिनों में थानों की तस्वीर बदलती नजर आएगी और आम लोगों को भी बदलाव महसूस होगा।