BREAKING NEWS
खबरें लोड हो रही हैं...
Home राष्ट्रीय समाचार बखिरा विसर्जन विवाद ने बढ़ाई सियासी तपिश, सांसद समेत दोनों पक्षों पर...

बखिरा विसर्जन विवाद ने बढ़ाई सियासी तपिश, सांसद समेत दोनों पक्षों पर केस दर्ज

संतकबीरनगर: गणेश प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान बखिरा के अमरडोभा में हुए विवाद से अब सियासी तपिश बढ़ गई है। पुलिस ने मामले में दोनों पक्षों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सपा सांसद लक्ष्मीकांत उर्फ पप्पू निषाद की तहरीर पर अज्ञात उपद्रवियों के खिलाफ जानलेवा हमला, तोड़फोड़ समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज हुआ है। वहीं, संतोषपुर निवासी विशाल की तहरीर पर सांसद लक्ष्मीकांत उर्फ पप्पू निषाद, जिला पंचायत सदस्य विश्वकेतु यादव और सांसद के करीब आधा दर्जन समर्थकों के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट, गाड़ी से कुचलने का प्रयास, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी समेत अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ है। हालांकि, दोनों पक्षों की ओर से मुकदमा दर्ज होने के बाद मामला और तूल पकड़ लिया है। पुलिस ने घटना के दौरान बनाए गए वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपों की जांच शुरू कर दी है।

सांसद की तहरीर पर अज्ञात उपद्रवियों के खिलाफ भी एफआईआर

  सपा सांसद लक्ष्मीकांत उर्फ पप्पू निषाद ने तहरीर में आरोप लगाया है कि शुक्रवार रात करीब 10:30 बजे वह अपने सहयोगियों और सुरक्षाकर्मियों के साथ अपने निवास बेलहर कला जा रहे थे। बखिरा के अमरडोभा चौराहे पर पहुंचने पर आगे गणेश प्रतिमा विसर्जन के लिए डीजे बजाते हुए लोग जा रहे थे। पुलिसकर्मी उनके काफिले के वाहनों को भीड़ से बाहर निकलवा रहे थे। इस दौरान सीओ मेंहदावल, एसओ बखिरा और एसडीएम खलीलाबाद भी मौके पर मौजूद थे। आरोप है कि उनके वाहन पर लगा झंडा देखकर कुछ उपद्रवियों ने जान से मारने की नीयत से उन पर और उनके वाहन पर ईंट-पत्थर तथा लाठी-डंडे से हमला कर दिया। सुरक्षाकर्मियों और सहयोगियों ने उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। जिससे उनकी जान बच सकी। हमले में उनके काफिले में शामिल सभी वाहन क्षतिग्रस्त होने का आरोप है। सांसद ने घटना की वीडियो फुटेज की जांच कर हमले में शामिल आरोपियों की पहचान करने और उनके खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की मांग की। उनकी तहरीर पर बखिरा पुलिस ने अज्ञात उपद्रवियों के खिलाफ जानलेवा हमला, तोड़फोड़ समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सांसद पप्पू निषाद व अन्य समर्थकों पर गाड़ी से कुचलने के प्रयास, एससी-एसटी एक्ट की प्राथमिकी दर्ज 

 उधर, दूसरे पक्ष से विशाल पुत्र जेठू निवासी संतोषपुर, थाना बखिरा ने तहरीर देकर आरोप लगाया कि 18 सितंबर की रात करीब 10:30 बजे वह गणेश प्रतिमा विसर्जन जुलूस में शामिल थे। जुलूस बुद्धहिया बाजार-अमरडोभा पहुंचा तो एक डीजे का जनरेटर खराब होने से आवाज बंद हो गई। आयोजक डीजे संचालक को डांटने लगे कि पैसा लिया है और डीजे नहीं चल रहा। इसलिए भुगतान नहीं किया जाएगा। इस पर डीजे संचालक जुलूस से पीछे मुड़कर जाने लगा और उसके पीछे दो-तीन डीजे संचालक भी चले गए। जिससे जुलूस वहीं रुक गया। आरोप है कि इसी दौरान तेज रफ्तार में हूटर बजाते हुए सांसद लक्ष्मीकांत उर्फ पप्पू निषाद और उनके समर्थक दो-तीन गाड़ियों से जुलूस को चीरते हुए आगे बढ़ने लगे। सांसद की गाड़ी की चपेट में आने से उसके पैर व घुटने में चोट लगी और वह अचेत होकर गिर पड़ा। जिससे कमर में भी चोट आई। जुलूस में शामिल लोगों ने सांसद व समर्थकों से कहा कि जनप्रतिनिधि होकर इस तरह लापरवाही से वाहन चलाकर लोगों को चोट पहुंचाना ठीक नहीं है।

सांसद के समर्थक जिला पंचायत सदस्य विश्वकेतु यादव भी नामजद

पीड़ित विशाल का आरोप है कि इसी बात से नाराज सांसद की गाड़ियों से करीब आधा दर्जन समर्थक उतरे और गाली-गलौज करने लगे। सांसद की गाड़ी से उतरे एक अज्ञात व्यक्ति ने उसे जान से मारने की धमकी दी। इसी दौरान जिला पंचायत सदस्य विश्वकेतु यादव निवासी उत्तरी मंगल बाजार थाना बखिरा भी सांसद के समर्थन में आए और उसे तीन-चार थप्पड़ मारते हुए गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि सांसद के समर्थकों ने ईंट-पत्थर फेंककर लोगों को मारने का प्रयास किया। विशाल समेत अन्य लोग सांसद की गाड़ी के पीछे छिप गए। इसी दौरान फेंका गया ईंट-पत्थर सांसद की गाड़ी में लगा। जिससे उसका शीशा टूट गया। पीड़ित विशाल की तहरीर के आधार पर पुलिस ने सपा सांसद लक्ष्मीकांत उर्फ पप्पू निषाद, जिला पंचायत सदस्य विश्वकेतु यादव और सांसद के करीब आधा दर्जन समर्थकों के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट, गाड़ी से कुचलने का प्रयास, गाली-गलौज व जान से मारने की धमकी समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
—————————————
“दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से विवेचना कराई जाएगी। वीडियो फुटेज और वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्यों का संकलन कराया जाएगा। साक्ष्यों के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।”
–सुशील कुमार सिंह,
एएसपी। 

The post बखिरा विसर्जन विवाद ने बढ़ाई सियासी तपिश, सांसद समेत दोनों पक्षों पर केस दर्ज appeared first on Breaking Tube.