
हरैया सतघरवा के ललिया थाना क्षेत्र में रामनगर, छितौनी और कपौवा गांवों में तेंदुए की लगातार गतिविधियों के बाद वन विभाग की टीम ने इलाके का दौरा किया। बनकटवा रेंज की टीम ने गांवों के आसपास मिले तेंदुए के पगचिह्नों की जांच की और उसके आने-जाने वाले रास्तों को पहचाना। तेंदुए को पकड़ने के लिए इन जगहों पर पिंजरा लगाने की योजना बनाई गई है। बनकटवा रेंज के क्षेत्रीय वनाधिकारी सत्रोहन लाल ने बताया कि रामनगर गांव के पास एक पिंजरा लगाया जा चुका है। अन्य चिह्नित गांवों के पास भी तेंदुए की गतिविधि देखकर जल्द पिंजरे लगाए जाएंगे। तेंदुए को पिंजरे में फंसाने के लिए उसमें रोज बकरा बांधा जा रहा है, लेकिन अभी तक तेंदुआ पिंजरे में कैद नहीं हो सका है। उन्होंने बताया कि वन विभाग की टीम प्रभावित गांवों में लगातार गश्त कर रही है और तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रख रही है। ग्रामीणों को भी सावधान रहने के लिए कहा गया है। तेंदुआ दिखाई देने पर ग्रामीण उसके करीब न जाएं और न ही उसे भगाने या पकड़ने की कोशिश करें। उन्हें तुरंत वन विभाग की टीम को सूचना देने को कहा गया है, ताकि समय रहते जरूरी कार्रवाई की जा सके।































