
श्रावस्ती जिले के नवीन मॉडर्न थाना क्षेत्र में बुधवार को एक सड़क हादसा हुआ। चक्र भंडार गांव के पास एक बाइक बेकाबू होकर पलट गई। इस हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के मुताबिक, बलरामपुर जिले के देहात कोतवाली क्षेत्र के कांध भारी गांव के रहने वाले प्रदीप पासवान (30) पुत्र चेतराम किसी काम से जा रहे थे। तभी चक्र भंडार गांव के पास उनकी बाइक अचानक बेकाबू होकर सड़क पर पलट गई। हादसे में प्रदीप पासवान को गंभीर चोटें आईं। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस कर्मियों ने घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इकौना पहुंचाया। इकौना में डॉक्टरों ने प्रदीप का शुरुआती इलाज किया। हालांकि, उनकी हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने बुधवार देर शाम उन्हें बेहतर इलाज के लिए बहराइच मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।































