
कवलपुर ग्राम पंचायत में स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय करीब डेढ़ साल से बंद पड़ा है। बस्ती जिले के विक्रमजोत विकास क्षेत्र में आने वाले इस गांव की आबादी लगभग 5 से 6 हजार है। यह विद्यालय विक्रमजोत बाजार, फूलडीह और कल्याणपुर गांवों के बीच बंधे के पास बना था। पहले इस स्कूल में काफी बच्चे पढ़ते थे। अब यह सरकार की अनदेखी के कारण बंद हो गया है। यहां तैनात अध्यापक अंशू सिंह और अध्यापिका विभा वर्मा को पास के फूलडीह पूर्व माध्यमिक विद्यालय में अटैच कर दिया गया है। कवलपुर का यह स्कूल अब लावारिस हालत में है। जब से इसके गेट पर ताला लगा है, तब से इसे खोला नहीं गया है। जबकि सरकारी नियम है कि भले ही स्कूल में कोई काम न हो, लेकिन 15 अगस्त और 26 जनवरी को झंडा फहराया जाएगा। हाल ही में 15 अगस्त का पर्व पूरे देश में धूमधाम से मनाया गया और झंडा फहराया गया। लेकिन कवलपुर के इस स्कूल में कोई भी अध्यापक या विक्रमजोत के खंड शिक्षा अधिकारी झांकने तक नहीं आए। इस संबंध में जब खंड शिक्षा अधिकारी बड़कऊ वर्मा से जानकारी मांगी गई, तो उन्होंने बताया कि उन्हें हाल ही में विक्रमजोत ब्लॉक का चार्ज मिला है। उनके पास कुल तीन ब्लॉकों का चार्ज है, इसलिए उन्हें समझ नहीं आ रहा कि कहां क्या चल रहा है। उन्होंने कहा कि यह जांच का विषय है और जांच के बाद आगे कार्रवाई की जाएगी।



















































