
श्रावस्ती जिले के सिरसिया विकासखंड की ग्रामसभा भीखपुर तराई में लक्ष्मणपुर बाजार से इकौना मार्ग को जोड़ने वाली सड़क इन दिनों खराब हालत में है। यह सड़क बरातभारी, गोपालपुरवा, भोलवातमाही, नरायनजोत और खसियारी समेत कई गांवों को जोड़ती है। ग्रामीणों के मुताबिक, सड़क के बीचों-बीच जगह-जगह बड़े गड्ढे हो गए हैं। बारिश के बाद इन गड्ढों में पानी भर जाने से सड़क की स्थिति और बिगड़ गई है। सड़क पर पानी भरने और गड्ढों के कारण लोगों को निकलने में काफी परेशानी हो रही है। खासकर दोपहिया वाहन चालकों को खतरा मोल लेकर निकलना पड़ रहा है। सड़क की यह हालत तस्वीर में भी साफ दिखाई दे रही है। सड़क की इस खराब हालत को लेकर ग्रामीण पंडित विजय शुक्ला (तहसील महासचिव, भारतीय किसान यूनियन, अराजनीतिक श्रावस्ती), रवींद्र गुप्ता, जमील खान, लड्डू, चेतराम वर्मा, रामकुमार वर्मा और राजकुमार वर्मा ने नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि यह रास्ता कई गांवों के लिए आने-जाने का एक जरूरी साधन है, लेकिन लंबे समय से इसकी मरम्मत पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क के गड्ढों को भरवाने, पानी भरने की समस्या खत्म करने और जल्द मरम्मत कराने की मांग की है। बता दें कि श्रावस्ती के अन्य संपर्क मार्गों पर भी गड्ढे और पानी भरने की समस्या पहले भी सामने आती रही हैं।




















































