BREAKING
खबरें लोड हो रही हैं...
Home उत्तर प्रदेश विक्रमजोत बाजार में जर्जर तारों से हादसे:बिजली विभाग की लापरवाही, कई शिकायतों...

विक्रमजोत बाजार में जर्जर तारों से हादसे:बिजली विभाग की लापरवाही, कई शिकायतों के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई

0
1

बस्ती जिले के विक्रमजोत हर्रैया विकास क्षेत्र के विक्रमजोत बाजार में बिजली विभाग की लापरवाही सामने आई है। ग्रामीण बैंक से लेकर भारतीय स्टेट बैंक तक के बिजली के तार जर्जर हो चुके हैं। यहां अक्सर तार गिरते रहते हैं और खंभों से जमीन तक बिजली उतरने की घटनाएं आम हो गई हैं। करीब पंद्रह दिन पहले सड़क पर खड़े एक सब्जी विक्रेता के पास 11 हजार वोल्टेज का तार गिर गया था। गनीमत रही कि सब्जी विक्रेता बाल-बाल बच गया। कुछ दिन पहले बाजार निवासी की दो-तीन बकरियां खंभे से सटकर निकलीं। जमीन पर उतरी बिजली की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इन घटनाओं की शिकायत विक्रमजोत पावरहाउस में की गई थी। हालांकि, सिर्फ आश्वासन ही मिला और स्थिति आज भी वैसी ही बनी हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि विभाग किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है। इस इलाके में कई बड़ी दुकानें और मैरिज हॉल हैं। उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक और भारतीय स्टेट बैंक ऑफ इंडिया जैसी दो बैंक शाखाएं भी यहीं हैं। बैंक आने वाले ग्राहक अपनी कारें और मोटरसाइकिलें अक्सर इन्हीं खंभों के पास और तारों के नीचे खड़ी करते हैं। इससे कभी भी कोई हादसा हो सकता है। शंभू, संतोष जायसवाल किराना स्टोर, काली प्रसाद, मुन्ना, पवन, भरत मेडिकल, बृजेश निषाद, राजेश और सतीश यादव सहित कई दुकानदारों ने बताया। उन्होंने जेई और एसडीओ अक्षय कुमार यादव से सैकड़ों बार शिकायत की है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। दुकानदारों ने बताया कि एक बार जेई सुधीर यादव आए थे। उन्होंने सब कुछ देखकर अपने कर्मचारियों को समस्या ठीक करने को कहा था, लेकिन आज तक कुछ नहीं हुआ। इस संबंध में स्थानीय पावरहाउस विक्रमजोत के जेई सुधीर यादव से बात की गई। उन्होंने बताया कि संसाधनों की कमी है। जेई सुधीर यादव ने कहा कि जांच कर रिपोर्ट आगे भेज दी गई है। उपकरण आने पर सब ठीक करवा दिया जाएगा।