
बहराइच के कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग में तेंदुए के हमले लगातार हो रहे हैं। ताजा घटना निशानगाड़ा रेंज के मुखिया फार्म रामपुरवा की है। यहां घर के आंगन में चारपाई पर मच्छरदानी लगाकर सो रही वृद्ध महिला जयवंती (पत्नी अकलू) पर तेंदुए ने हमला कर दिया। यह घटना रात करीब 11 बजे हुई। तेंदुआ चुपचाप आंगन में घुसा और सो रही जयवंती पर झपट्टा मार दिया। तेंदुए ने वृद्धा के सिर पर पंजों से कई वार किए, जिससे वह बुरी तरह घायल हो गईं। उनकी चीख-पुकार सुनकर गजमित्र अशोक बड़ेलाल, परिवार के सदस्य और आसपास के ग्रामीण इकट्ठा हो गए। लोगों का शोर सुनकर तेंदुआ जंगल की ओर भाग गया। सूचना मिलने पर 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। गंभीर रूप से घायल जयवंती को तुरंत सुजौली सीएचसी ले जाया गया। वहां से डॉक्टरों ने उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोतीपुर रेफर कर दिया है। यह हमला पिछले एक हफ्ते में तेंदुए की तीसरी घटना है। इससे पहले भी दो हमले हो चुके हैं, जिनमें एक बच्चे की मौत हो गई थी और एक बच्चा घायल हुआ था। इनमें 7 सितंबर 2026 को कतर्नियाघाट रेंज के आनंदनगर बरखड़िया में तेंदुए के हमले में 10 साल के बालक राजवीर की मौत हो गई थी। 5 सितंबर 2026 को निशानगाड़ा रेंज के पचासा गांव में शुभम नामक बालक पर हमला हुआ था, जिसमें वह घायल हो गया था। अब 9 सितंबर 2026 को मुखिया फार्म में वृद्धा जयवंती पर हमला हुआ है। इन लगातार हो रहे हमलों से निशानगाड़ा और कतर्नियाघाट रेंज के दर्जनों गांवों में डर का माहौल है। ग्रामीण रात भर जागकर पहरा देने को मजबूर हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि आदमखोर तेंदुए को जल्द पकड़ा जाए और इलाके में और पिंजरे लगाए जाएं।








































