बस्ती जिले के कुदरहा ब्लॉक का बन्नी गांव आजादी के करीब 80 साल बाद भी मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहा है। ग्राम पंचायत ठोकवा के पुरवा बन्नी में सड़क, नाली, स्वच्छ पेयजल, गरीबों के लिए आवास और स्ट्रीट लाइट जैसी सुविधाएं नहीं हैं। इससे ग्रामीण काफी परेशान हैं। ग्रामीणों का कहना है कि विकास के दावों के बावजूद गांव की जमीनी हकीकत कुछ और ही है। गांव में पश्चिम दिशा से आने वाली मुख्य सड़क लंबे समय से खराब हालत में है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे होने के कारण ग्रामीणों को आने-जाने में काफी दिक्कत हो रही है। बरसात के दिनों में स्थिति और भी खराब हो जाती है। इसे लेकर ग्रामीणों में काफी नाराजगी है। सड़क की बदहाली को देखते हुए बन्नी गांव निवासी विद्देश यादव ने अपने स्तर पर सड़क पर राबिस डालकर उसे चलने लायक बनाने की कोशिश की। उनका कहना है कि ग्रामीणों को रोजाना इस खराब सड़क से होकर गुजरना पड़ता है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों ने अब तक समस्या का पक्का हल नहीं निकाला है। विद्देश यादव ने बताया कि लालगंज-बानपुर बंधे से सेल्हरा जाने वाली पक्की सड़क से गांव के अंदर तक पक्की सड़क का प्रस्ताव पास होने की आशंका जताई है, वहीं भालचंद यादव ने सड़क समस्या पर चिंता जताते हुए कहा कि आजादी के 80 साल बाद भी बन्नी गांव में कुछ लोगों की वजह से विकास कार्य पूरे नहीं हो पा रहे हैं, जो गांव का दुर्भाग्य है। बन्नी निवासी विजय यादव ने एक शिकायत पत्र देकर गांव की साफ-सफाई करवाई, जिससे ग्रामीणों को कीचड़ से राहत मिली। सड़क समस्या को लेकर जब ग्राम विकास अधिकारी मधुसूदन से बात की गई, तो उन्होंने कहा कि बजट की कमी के कारण काम नहीं हो पाया है, लेकिन जल्द ही विकास कार्य शुरू किए जाएंगे।






































