पैकोलिया थाना क्षेत्र की एक युवती और गौर थाना क्षेत्र के एक युवक ने थाने के पास स्थित शिव मंदिर में शादी कर ली। दोनों परिवारों की सहमति के बाद युवक-युवती ने एक-दूसरे को वरमाला पहनाई और पति-पत्नी के रूप में साथ रहने का फैसला किया। दरअसल, युवती के पिता ने थाने में शिकायत देकर बताया था कि उनकी बेटी 2 सितंबर को किसी के साथ चली गई है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान पता चला कि गौर थाना क्षेत्र का एक युवक युवती को अपने साथ ले गया था। इसके बाद पुलिस ने युवक और युवती के साथ दोनों परिवारों के सदस्यों को थाने बुलाया। पुलिस ने दोनों के उम्र संबंधी दस्तावेजों की जांच की, जिसमें दोनों के बालिग होने की पुष्टि हुई। दोनों ने बताया- एक-दूसरे से प्यार करते हैं पूछताछ में बताया गया कि युवक-युवती की पहले मुलाकात हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच प्रेम संबंध हो गया। दोनों काफी समय से एक-दूसरे के साथ रहना चाहते थे। थाने में दोनों परिवारों के बीच सहमति बनने के बाद युवक-युवती ने पास स्थित शिव मंदिर में शादी करने का फैसला किया। माला पहनाकर एक-दूसरे को स्वीकार किया शिव मंदिर में दोनों ने एक-दूसरे को माला पहनाई। इसके बाद प्रसाद खिलाकर पति-पत्नी के रूप में एक-दूसरे को स्वीकार किया। शादी के बाद युवक अपनी पत्नी को लेकर घर चला गया।






































