अमेठी: पीपरपुर थाना क्षेत्र के घोरहा गांव निवासी सोनू कश्यप (32) का शव बृहस्पतिवार सुबह जामो-भादर मार्ग पर पूरब दुआरा के पास सड़क किनारे झाड़ी में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। शव मिलने की सूचना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को झाड़ी से बाहर निकलवाया। परिजनों ने युवक की हत्या किए जाने की आशंका जताई है।
बताया गया कि बृहस्पतिवार सुबह राहगीरों ने सड़क किनारे झाड़ी में युवक का शव पड़ा देखा। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाकर उसकी पहचान कराने का प्रयास किया। पहचान सोनू कश्यप के रूप में होने के बाद पुलिस ने परिजनों को सूचना दी।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। शव देखकर परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। उन्होंने युवक की हत्या किए जाने की आशंका जताते हुए मामले की जांच की मांग की।
इंस्पेक्टर बृजेश सिंह ने बताया कि युवक का शव सड़क किनारे झाड़ी में मिला है। मौत का कारण अभी स्पष्ट नहीं है। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। मामले की जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं. )








































