BREAKING
खबरें लोड हो रही हैं...
Home उत्तर प्रदेश महाराजगंज में आकाशीय बिजली गिरने से साइकिल सवार की मौत:ईंट-भट्ठे से लौट...

महाराजगंज में आकाशीय बिजली गिरने से साइकिल सवार की मौत:ईंट-भट्ठे से लौट रहे युवक का मोबाइल जला, 3 बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

0
2

महाराजगंज के चौक थाना क्षेत्र में आकाशीय बिजली गिरने से एक साइकिल सवार की मौके पर ही मौत हो गई। यह घटना शनिवार को सोनबरसा-टीकर मार्ग पर हुई। मृतक की पहचान टीकर निवासी प्रेमसागर गुप्ता (42) के रूप में हुई है। प्रेमसागर ईंट-भट्ठे से काम कर साइकिल से घर लौट रहे थे। इसी दौरान वह आकाशीय बिजली की चपेट में आ गए। बिजली इतनी तेज गिरी कि उनका मोबाइल फोन भी जल गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बिजली गरजते ही प्रेमसागर सड़क पर गिर पड़े। जब तक आसपास के लोग मौके पर पहुंचते, उनकी सांसें थम चुकी थीं। घटना की सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष मनीष पटेल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को अपने कब्जे में लिया। प्रेमसागर ईंट-भट्ठे पर काम करके अपने परिवार का गुजारा करते थे। कुछ साल पहले उनकी पत्नी उन्हें छोड़कर चली गई थी। ऐसे में उनके दो बेटों और एक बेटी की परवरिश की पूरी जिम्मेदारी उन्हीं पर थी। पिता की अचानक मौत से तीनों मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है। परिवार में उनके पिता कैलाश, मां सुभावती, बेटी साधना और बेटे नवरत्न व मोहित हैं। घटना के बाद से परिवार सदमे में है। चौक थानाध्यक्ष मनीष पटेल ने बताया कि घटना की सूचना मिली है और विधिक कार्रवाई की जा रही है। थानाध्यक्ष मनीष पटेल ने बताया कि शव का पंचनामा करवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here