BREAKING
खबरें लोड हो रही हैं...
Home उत्तर प्रदेश फरेन्दा में टूटी नालियों से सड़कों पर फैला गंदा पानी:लोगों का जीना...

फरेन्दा में टूटी नालियों से सड़कों पर फैला गंदा पानी:लोगों का जीना मुहाल, बीमारियों का खतरा बढ़ा; शिकायत के बाद भी नहीं हुई सुनवाई

0
0

फरेन्दा (महराजगंज) के शास्त्री नगर वार्ड में नालियों की सफाई न होने और उनके टूटे होने से गंदा पानी सड़कों पर फैल गया है। इससे इलाके के लोगों का जीना मुश्किल हो गया है और बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। मोहल्ले के निवासी जयप्रकाश, शरद कुमार, मनोज कुमार मिश्र और गोविंद श्रीवास्तव ने बताया कि बरसात के बाद से टूटी नाली अभी तक ठीक नहीं कराई गई है। नालियों में जमा गंदा पानी राहगीरों और गाड़ियों पर फैल रहा है। निवासियों का कहना है कि नाली का पानी सुबह से शाम तक सड़कों पर जमा रहता है। इससे घरों के बाहर गंदगी और बदबू फैलती है। बच्चों के खेलने और बुजुर्गों के आने-जाने पर भी असर पड़ा है। कई जगहों पर पानी की मोटी परत के साथ कीचड़ जमा होने से सड़कें खराब दिख रही हैं। इससे स्कूली बच्चों और ऑटो-साइकिल चालकों को फिसलने का डर रहता है। स्थानीय व्यापारियों ने बताया कि ग्राहक गंदगी और बदबू से बचने के लिए बाजार आने से कतराते हैं, जिससे उनकी बिक्री कम हो गई है। रहवासियों ने सदर दफ्तर और नगर पंचायत से कई बार शिकायतें करने का दावा किया, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। जयप्रकाश ने कहा, “हमने कई बार फोन और आवेदन दिए, लेकिन न तो सफाई हुई और न ही नाली की मरम्मत की गई। अगर जल्द सुधार नहीं हुआ तो हम मिलकर बड़ा प्रदर्शन करेंगे।” शरद कुमार ने चेतावनी दी कि गर्मी और बरसात में मच्छर और पानी से होने वाली बीमारियों के फैलने का खतरा काफी बढ़ जाएगा। अधिशासी अधिकारी अनुज भारती ने कहाँ टूटी नाली देखवा कर ठीक कर देगे । नगर पंचायत के प्रतिनिधि से संपर्क करने पर उन्होंने कहा कि मामले की जांच कर जरूरी कार्रवाई की जाएगी और नाली की मरम्मत के लिए जल्द योजना बनाई जाएगी। हालांकि, उन्होंने अभी कोई तारीख नहीं बताई। स्थानीय नेताओं और अधिकारियों से उम्मीद की जा रही है कि वे तुरंत नाली की सफाई और टूटी हुई नालियों की मरम्मत कराकर लोगों की परेशानी दूर करें और बीमारियों का खतरा टालें।