BREAKING
खबरें लोड हो रही हैं...
Home उत्तर प्रदेश सीएचसी बनकटी में मरीजों से अवैध वसूली का आरोप:महराजगंज में स्टाफ नर्स...

सीएचसी बनकटी में मरीजों से अवैध वसूली का आरोप:महराजगंज में स्टाफ नर्स पर ऑपरेशन के नाम पर 6000 रुपए तक लेने का आरोप

0
7

फरेंदा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बनकटी में मरीजों से इलाज, टीकाकरण और ऑपरेशन के नाम पर कथित तौर पर अवैध वसूली का मामला सामने आया है। भाजपा दक्षिणी मंडल अध्यक्ष और पूर्व ग्राम प्रधान हीरा गुप्ता ने इस संबंध में मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) से शिकायत की है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि सीएचसी बनकटी में तैनात स्टाफ नर्स जैतूननिशा मरीजों से टीकाकरण के लिए 500 रुपये और ऑपरेशन के लिए करीब 6,000 रुपये तक ले रही हैं। शिकायतकर्ता का कहना है कि सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर मिलने वाली सुविधाएं नियमों के मुताबिक मुफ्त होती हैं। ऐसे में मरीजों से पैसे लेने के आरोप गंभीर हैं। हीरा गुप्ता ने सीएमओ से मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि अगर जांच में किसी अन्य कर्मचारी या डॉक्टर की भूमिका सामने आती है, तो उनके खिलाफ भी नियमों के मुताबिक कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं और मुफ्त स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ आम लोगों तक सही तरीके से पहुंचाने की भी मांग की। शिकायतकर्ता के अनुसार, सीएमओ से शिकायत किए जाने के बावजूद अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। इससे क्षेत्र के लोगों में नाराजगी है। लोगों ने मामले की उच्च स्तरीय जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। वहीं, महाराजगंज के मुख्य चिकित्सा अधिकारी सुरेंद्र कुमार चौधरी ने बताया कि यह मामला 9 जून का है, जबकि उनकी तैनाती 26 जून को हुई थी। उन्होंने कहा कि अगर इस संबंध में कोई शिकायत या मामला उनकी जानकारी में आता है, तो उसे गंभीरता से लेकर जांच कराई जाएगी। हालांकि, मरीजों से अवैध वसूली के आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि अभी नहीं हो सकी है। स्वास्थ्य विभाग की जांच और संबंधित स्टाफ नर्स का पक्ष सामने आने के बाद ही मामले की असली सच्चाई सामने आ सकेगी।