जसवंतनगर: रेल मंडी रेलवे ओवरब्रिज पर मंगलवार देर शाम तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक के पैर में गंभीर चोट लगने से हड्डी बाहर निकल आई, जबकि सिर में भी गंभीर चोटें बताई गई हैं।
हादसे के बाद ओवरब्रिज पर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही कस्बा प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस को डिवाइडर के पास एक युवक घायल अवस्था में पड़ा मिला। घायल की पहचान करीब 30 वर्षीय कौशल किशोर पुत्र वीरेंद्र सिंह, निवासी रूपपुरा, थाना वैदपुरा के रूप में हुई।
Also Read: UP: आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का मानदेय बढ़कर 12 हजार, सहायिकाओं को मिलेंगे 6 हजार रुपये
बताया गया कि युवक हादसे के समय अत्यधिक नशे की हालत में था। पुलिस ने तत्काल एंबुलेंस की व्यवस्था कर घायल को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जसवंतनगर भेजा। एंबुलेंस चालक विपिन कुमार और ईएमटी कुलदीप सिंह ने घायल को अस्पताल पहुंचाया।
सीएचसी में चिकित्सकों ने घायल का प्राथमिक उपचार किया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उसे बेहतर उपचार के लिए सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। हादसे में बाइक भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जिसे पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया।पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे की जानकारी जुटाई। प्रथम दृष्टया बाइक के अनियंत्रित होने को हादसे का कारण बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।






































