BREAKING
खबरें लोड हो रही हैं...
Home ट्रेंडिंग फंदे से लटकी मिली विवाहिता, मायके वालों ने लगाया हत्या का आरोप

फंदे से लटकी मिली विवाहिता, मायके वालों ने लगाया हत्या का आरोप

0
0

अमेठी: पीपरपुर गांव में बुधवार को 32 वर्षीय विवाहिता नुंजहत बानो की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव घर के कमरे में पंखे से दुपट्टे के सहारे फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी होने पर पहुंचे मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर दहेज की मांग पूरी न होने पर विवाहिता की पिटाई कर हत्या करने और शव को फंदे से लटकाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

नुंजहत बानो की शादी करीब 10 वर्ष पहले मोहम्मद अकरम से हुई थी। बताया जा रहा है कि घटना के समय वह घर में अकेली थी। उसका पति उमरा के लिए गया हुआ है। ससुर आशिक अली बकरी चराने गए थे, जबकि सास पड़ोस के घर गई थी। देर शाम सास घर लौटी तो कमरे में नुंजहत का शव फंदे से लटका देखकर शोर मचाया। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। महिला को फंदे से नीचे उतारा गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

Also Read: UP: आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का मानदेय बढ़कर 12 हजार, सहायिकाओं को मिलेंगे 6 हजार रुपये

पुलिस ने घटनास्थल से विवाहिता का मोबाइल भी बरामद किया है। मौत की जानकारी मिलने पर सुल्तानपुर के राजापुर समरी निवासी मृतका की मां जनैब बानो और बहन शना बानो भी मौके पर पहुंचीं। मायके वालों ने आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष दहेज की मांग को लेकर नुंजहत को परेशान करता था। आरोप है कि मांग पूरी न होने पर उसकी पिटाई कर हत्या कर दी गई और घटना को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फंदे से लटका दिया गया।

हालांकि, मामले में अभी मायके पक्ष की ओर से पुलिस को कोई लिखित तहरीर नहीं दी गई है। प्रभारी निरीक्षक अरुण मिश्र ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मायके वालों के आरोपों सहित घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट होगा। तहरीर मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)