
बहराइच जिले की मिहिपुरवा तहसील के कंजड़वा गांव में पानी का गंभीर संकट है। गांव में लगा इंडिया मार्का हैंडपंप लंबे समय से खराब पड़ा है। इसके चारों तरफ घास उग आई है और हैंडपंप का चबूतरा भी मिट्टी में दब गया है। इस वजह से स्थानीय ग्रामीणों को पीने के शुद्ध पानी के लिए भटकना पड़ रहा है। महिलाओं और ग्रामीणों को रोजाना अपनी जरूरतों के लिए दूर-दराज के इलाकों से पानी लाना पड़ता है। ग्रामीणों का आरोप है कि पानी की भारी किल्लत के बावजूद स्थानीय जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी इस पर ध्यान नहीं दे रहे हैं। शिकायत करने के बाद भी हैंडपंप की मरम्मत के लिए कोई कदम नहीं उठाया गया है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि इस मामले पर तुरंत ध्यान दिया जाए। उन्होंने खराब पड़े इंडिया मार्का हैंडपंप की मरम्मत कराने की अपील की है, ताकि उन्हें इस जल संकट से राहत मिल सके। इस संबंध में ग्राम प्रधान कमलेश कुमार से बात की गई। उन्होंने बताया कि उन्हें इसकी जानकारी है और जल्द ही मिस्त्री बुलाकर हैंडपंप ठीक कराया जाएगा।






































