BREAKING
खबरें लोड हो रही हैं...
Home उत्तर प्रदेश महराजगंज में बुखार-उल्टी-दस्त के मरीज बढ़े:अस्पताल की ओपीडी में बढ़ी भीड़, ICU...

महराजगंज में बुखार-उल्टी-दस्त के मरीज बढ़े:अस्पताल की ओपीडी में बढ़ी भीड़, ICU पर भी दबाव

0
4

महराजगंज में मौसम बदलने का असर लोगों की सेहत पर दिख रहा है। बारिश के बाद तेज धूप और तापमान में उतार-चढ़ाव के कारण बुखार, उल्टी-दस्त और डायरिया के मरीज बढ़ गए हैं। गुरुवार को जिला अस्पताल खुलते ही मरीजों की भारी भीड़ लग गई। पर्ची काउंटर से लेकर ओपीडी तक मरीजों और उनके तीमारदारों की लंबी लाइनें दिखीं। जिला अस्पताल की ओपीडी में आजकल रोज करीब एक हजार से 1500 मरीज इलाज के लिए आ रहे हैं। गुरुवार को भी बड़ी संख्या में मरीज अस्पताल पहुंचे। ओपीडी में ज्यादातर मरीज बुखार, उल्टी, दस्त और डायरिया से परेशान थे। डॉक्टरों ने मरीजों की जांच की, जरूरी दवाएं दीं और सावधानी बरतने को कहा। अस्पताल प्रशासन के मुताबिक, शुरुआती इलाज के बाद जिन मरीजों की हालत सुधरी, उन्हें दवा देकर घर भेज दिया गया। वहीं, गंभीर मरीजों को अस्पताल में भर्ती कर उनका इलाज चल रहा है। गंभीर मरीजों की संख्या बढ़ने से अस्पताल की व्यवस्थाओं पर दबाव बढ़ गया है। आईसीयू में भी मरीजों की संख्या ज्यादा हो गई है। बारिश और तेज धूप के बीच लगातार बदल रहा मौसम बीमारियों की मुख्य वजह मानी जा रही है। खासकर बच्चे और बुजुर्ग इस मौसम बदलाव से ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं। डॉक्टर लोगों को साफ-सफाई का खास ध्यान रखने, खूब पानी पीने और खाने-पीने में सावधानी बरतने की सलाह दे रहे हैं। जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. ए. त्रिवेदी ने बताया कि अस्पताल में रोज बड़ी संख्या में मरीज इलाज के लिए आ रहे हैं। सभी मरीजों को जरूरी जांच और इलाज की सुविधा दी जा रही है। गंभीर मरीजों को भर्ती कर उनके इलाज पर लगातार नजर रखी जा रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि बुखार, उल्टी-दस्त या डायरिया होने पर लापरवाही न करें। समय रहते डॉक्टर की सलाह लेकर जांच और इलाज कराएं।