
बहराइच के महसी में घाघरा नदी से प्रभावित इलाकों के ग्रामीणों को शुक्रवार को थोड़ी राहत मिली। महसी तहसील के पूरे प्रसाद सिंह, गलकारा, टंचपुरवा, जोधेपुरवा, महंतपुरवा और जानकी नगर के 250 बाढ़ पीड़ितों को क्षेत्रीय विधायक सुरेश्वर सिंह ने खाद्य और राहत सामग्री बांटी। इस मौके पर विधायक सुरेश्वर सिंह ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि सरकार संकट की इस घड़ी में हर संभव मदद के लिए उनके साथ खड़ी है। बाढ़ से प्रभावित हर परिवार तक राहत पहुंचाना सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता है। महसी के एसडीएम राजेश कुमार अग्रवाल ने राहत कार्य की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रशासन की टीमें लगातार प्रभावित इलाकों में मौजूद हैं। आज 250 लोगों को राहत सामग्री किट दी गई। इससे पहले भी 300 प्रभावितों को सामग्री बांटी जा चुकी है। क्षेत्र के लिए सबसे बड़ी राहत की बात यह है कि घाघरा नदी का जलस्तर लगातार गिर रहा है। बैराजों से पानी का बहाव भी कम हुआ है। अभी घाघरा नदी खतरे के निशान से 18 सेंटीमीटर ऊपर बह रही है। पानी का स्तर धीरे-धीरे कम होने से प्रभावित इलाकों में जल्द ही हालात सामान्य होने की उम्मीद है। ग्रामीणों को भी काफी राहत मिलने की संभावना है। इस दौरान तहसीलदार विपिन कुमार चौरसिया और सीओ महसी पवन कुमार समेत कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
टीबी मुक्त गांवों के प्रधान और प्रधान प्रतिनिधि सम्मानित:गौर ब्लॉक में...
बस्ती जिले के कप्तानगंज विधानसभा क्षेत्र के गौर ब्लॉक में टीबी मुक्त गांवों के ग्राम प्रधानों और प्रधान प्रतिनिधियों को सम्मानित किया गया। इस...






































