
बहराइच के रिसिया थाना क्षेत्र में अवैध मिट्टी खनन का काम तेजी से चल रहा है। हैरानी की बात यह है कि यह खनन थाने से कुछ ही कदम दूर मशीनों से किया जा रहा है। इससे इलाके में गहरी खाई बन गई है और सड़कें भी खराब हो रही हैं। बंगलाचक में एक ढाबे के पीछे भी बड़े पैमाने पर अवैध खनन किया गया है, जिससे वहां एक बड़ी खाई बन गई है। यह खाई किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। सदर तहसील के भेड़हिया गांव के पास भी जेसीबी लगाकर अवैध मिट्टी निकाली जा रही है। थाने से इतनी कम दूरी पर खनन होने के बावजूद स्थानीय पुलिस इस मामले से बेखबर बनी हुई है। खनन के कारण गहरी खाई तो बनी ही है, साथ ही सड़क और उसके किनारे की पटरी भी टूट रही है। बिछला ग्रामपंचायत से हाईवे जाने वाले धोबहा संपर्क मार्ग पर भेड़हिया गांव के उत्तर दिशा में बड़े पैमाने पर अवैध खनन कर ट्रैक्टर-ट्रॉली से मिट्टी ढोई जा रही है। खनन वाले स्थान पर इतनी गहरी खाई हो गई है कि डामर की सड़क की पटरी तक क्षतिग्रस्त हो चुकी है। बारिश के कारण यह समस्या और बढ़ गई है। चौकी रिसिया मोड़ के अंतर्गत बंगलाचक स्थित एक ढाबे के पीछे भी जेसीबी लगाकर खनन किया जा रहा है। लोगों में चर्चा है कि एक खनन माफिया इस जगह पर खनन करवा रहा है। आज्ञाराम, नरेश, ननकऊ, समोखन, छैलू, पंकज, बच्छराज, कैलाश और शोभाराम जैसे ग्रामीणों ने बताया कि रिसिया थाने से कुछ ही कदम दूर खनन हो रहा है, लेकिन पुलिस को इसकी जानकारी नहीं है। इस संबंध में एसडीएम अमन देओल ने कहा कि उन्हें मामले की जानकारी नहीं थी। उन्होंने जांच कराने और खनन माफिया के खिलाफ उचित कार्रवाई करने की बात कही है।





































