BREAKING
खबरें लोड हो रही हैं...
Home उत्तर प्रदेश रायबोझा में नया प्रसव केंद्र शुरू, CMO ने किया उद्घाटन:16 हजार आबादी...

रायबोझा में नया प्रसव केंद्र शुरू, CMO ने किया उद्घाटन:16 हजार आबादी को सुरक्षित प्रसव सेवाएं मिलेंगी, 18 किमी दूर नहीं जाना पड़ेगा

0
4


बहराइच के मिहींपुरवा ब्लॉक में नया प्रसव केंद्र शुरू किया गया है। यह केंद्र आयुष्मान आरोग्य मंदिर रायबोझा में खोला गया है। इसका मकसद ग्रामीण गर्भवती महिलाओं को बेहतर और सुरक्षित प्रसव सेवाएं देना है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजय कुमार ने शनिवार को फीता काटकर इसका उद्घाटन किया। इस नए केंद्र से करीब 16 हजार लोगों को सीधा फायदा मिलेगा। पहले ग्रामीणों को प्रसव और जच्चा-बच्चा की बुनियादी स्वास्थ्य सेवाओं के लिए 18 किलोमीटर दूर मोतीपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जाना पड़ता था। आपात स्थिति और लंबी दूरी के कारण गर्भवती महिलाओं को काफी परेशानी होती थी। अब उन्हें इस दिक्कत से छुटकारा मिलेगा।
सीएमओ डॉ. संजय कुमार ने स्वास्थ्यकर्मियों को निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र पर आने वाली गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित प्रसव और सभी जरूरी सुविधाएं तुरंत मिलनी चाहिए। इस नए डिलेवरी प्वाइंट पर स्वास्थ्य सेवाओं की मुख्य जिम्मेदारी एएनएम गायत्री वर्मा और कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर रीतू रानी संभालेंगी। मोतीपुर सीएचसी के अधीक्षक डॉ. महेश कुमार विश्वकर्मा ने जानकारी दी। उन्होंने बताया कि रायबोझा में डिलेवरी प्वाइंट शुरू होने से ग्रामीणों को गांव में ही प्रशिक्षित एएनएम और सीएचओ की देखरेख में सुरक्षित और सामान्य प्रसव की सुविधा मिलेगी। यहां गर्भवती महिलाओं की प्रसव से पहले नियमित जांच होगी। इसमें बीपी, हीमोग्लोबिन, वजन और शुगर की मुफ्त जांच शामिल है। साथ ही जरूरी दवाएं और पोषण संबंधी सलाह भी दी जाएगी। नवजात शिशु की तुरंत देखभाल भी यहीं होगी। जन्म के समय लगने वाले टीके जैसे बीसीजी, पोलियो जीरो डोज और हेपेटाइटिस-बी भी लगाए जाएंगे। जननी सुरक्षा योजना का लाभ भी यहीं मिल सकेगा। अगर किसी गर्भवती महिला को कोई जटिलता होती है, तो उसे तुरंत 102 या 108 एम्बुलेंस से बड़े स्वास्थ्य केंद्र रेफर करने की पूरी व्यवस्था रहेगी। उद्घाटन कार्यक्रम में डीसीपीएम मो. राशिद और बीसीपीएम अजय यादव मौजूद रहे। क्षेत्र की आशा कार्यकर्ता, आशा संगिनी और दूसरे विभागीय कर्मचारी भी उपस्थित थे। सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण भी वहां पहुंचे। सभी ने गांव में प्रसव सुविधा शुरू होने पर खुशी जताई।