बृजमनगंज थाना क्षेत्र के बेलसंड स्थित राप्ती नदी में रविवार को एक युवक का शव पानी में तैरता मिला। शव देखकर ग्रामीणों में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों ने शव को नदी से बाहर निकाला और धानी पुलिस चौकी को सूचना दी। पुलिस ने शव की पहचान कराने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सूचना पर धानी चौकी प्रभारी अमित सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान मृतक की पहचान दूरविजय (42) पुत्र सुखराज, निवासी ग्राम उसका, थाना उसका बाजार, जिला सिद्धार्थनगर के रूप में हुई। दूरविजय करीब चार दिन पहले परिवार की किसी बात से नाराज होकर घर से निकल गए थे। इसके बाद से परिजन उनकी तलाश कर रहे थे, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। रविवार को राप्ती नदी में शव मिलने की सूचना से परिवार में कोहराम मच गया। शव देखते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन बेलसंड स्थित राप्ती नदी के किनारे पहुंचे। शव देखते ही परिजन फफक पड़े। मौके पर मौजूद ग्रामीण भी भावुक हो गए। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की प्रथम दृष्टया जांच कर रही है। मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगी। धानी चौकी प्रभारी अमित सिंह ने बताया कि बेलसंड राप्ती नदी में एक व्यक्ति का शव मिलने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया गया। पहचान होने के बाद परिजनों की देखरेख में शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।







































