BREAKING
खबरें लोड हो रही हैं...
Home उत्तर प्रदेश बस्ती में नीलगाय के हमले में पूर्व प्रधान की मौत:गन्ने के खेत...

बस्ती में नीलगाय के हमले में पूर्व प्रधान की मौत:गन्ने के खेत से देखने गए थे, मौके पर ही तोड़ा दम

0
2

बस्ती के कप्तानगंज थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत बैहार के पूर्व प्रधान जैसराम (48) की नीलगाय के हमले में मौत हो गई। यह घटना रविवार सुबह बैहार-सिंघोरिया के बीच गन्ने के खेत के पास हुई, जब जैसराम अपने खेत देखने निकले थे। नीलगाय के अचानक हमले से उन्हें गंभीर चोटें आईं और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। परिजनों ने बताया कि जैसराम रविवार सुबह करीब 9 बजे घर से खेत देखने के लिए निकले थे। खेत से लगभग 100 मीटर पहले गन्ने के खेत से अचानक एक नीलगाय बाहर निकली और उन पर हमला कर दिया। जैसराम कुछ समझ पाते, इससे पहले ही वह घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घटना की जानकारी परिजनों और ग्रामीणों को दी। सूचना मिलते ही कप्तानगंज पुलिस मौके पर पहुंची और जरूरी कार्रवाई की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जैसराम की पत्नी का पहले ही निधन हो चुका है। उनके पीछे तीन बेटे और एक बेटी हैं। सबसे बड़े बेटे सूरज कुमार (30) की शादी हो चुकी है, जबकि रोहित कुमार (24) और मोहित कुमार (20) मुंबई में रहकर जीवनयापन करते हैं। पिता की मौत की खबर सुनकर दोनों बेटे मुंबई से घर के लिए रवाना हो गए हैं। उनकी बेटी सविता हाईस्कूल की छात्रा है। ग्रामीणों का कहना है कि इलाके के गन्ने के खेतों और आसपास नीलगायों की मौजूदगी बनी रहती है। नीलगायों के अचानक हमलों से किसानों में चिंता का माहौल है। पूर्व प्रधान की मौत से पूरे गांव में शोक है।