समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से शनिवार को दिल्ली में महराजगंज के वरिष्ठ सपा नेता और पूर्व मंत्री सुशील टिबड़ेवाल ने मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं ने मौजूदा राजनीतिक हालात और 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर लंबी बात की। अखिलेश यादव ने महराजगंज की पांचों विधानसभा सीटों – सिसवा, महराजगंज सदर, पनियरा, फरेन्दा और नौतनवा – पर पार्टी की जीत पक्की करने के लिए पूरी ताकत से तैयारी करने को कहा। उन्होंने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने पर जोर दिया। पूर्व मंत्री टिबड़ेवाल ने अखिलेश यादव को जिले में हाल ही में हुई कई घटनाओं के बारे में बताया। उन्होंने किसान रमाशंकर चौरसिया की खाद लेते समय बोरियों के नीचे दबकर हुई मौत और सुकरहर गांव में करंट लगने से पिता-पुत्र की मौत का मामला उठाया। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्देश पर सपा प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने दोनों जगहों पर जाकर पीड़ित परिवारों को एक-एक लाख रुपये की मदद दी थी। पीड़ित परिवारों की हरसंभव मदद की जाएगी सुशील टिबड़ेवाल ने सिसवा के बाल वैज्ञानिक राहुल सिंह की संदिग्ध हालात में हुई मौत का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस मामले की सही जांच नहीं कर रही है। इस पर अखिलेश यादव ने कहा कि सपा सरकार बनने पर मामले की सीबीआई जांच कराई जाएगी और पीड़ित परिवार को इंसाफ मिलेगा। इसके अलावा, निचलौल के पचमा गांव में डंपर के नीचे दबकर चार युवकों की मौत और सिसवा बाजार में तालाब में डूबने से तीन बच्चों की मौत की घटनाओं की जानकारी भी दी गई। अखिलेश ने कहा कि सपा सरकार बनने पर पीड़ित परिवारों की हरसंभव मदद की जाएगी। टिबड़ेवाल ने बताया कि 16 सितंबर को प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल महराजगंज आएंगे। इसके बाद अखिलेश यादव खुद भी जिले का दौरा करेंगे। उन्होंने दौरे की योजना बनाने का निर्देश दिया। पूर्व मंत्री ने भरोसा दिलाया कि कार्यकर्ताओं को एक करके पांचों विधानसभा क्षेत्रों में संगठन मजबूत किया जाएगा। साथ ही स्थानीय मुद्दों को जनता के बीच जोर-शोर से उठाया जाएगा।
तेंदुए के हमले में घायल मासूम की मौत:एक सप्ताह से लखनऊ...
बहराइच के नानपारा कोतवाली क्षेत्र के खटकन पुरवा जुड़ा गांव में तेंदुए के हमले में घायल तीन साल की लाडो की लखनऊ में इलाज...








































