
बलरामपुर में सोमवार शाम कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के खिलाफ उत्तराखंड में दर्ज मुकदमे के विरोध में प्रदर्शन किया। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने अंबेडकर तिराहे पर शाम करीब 6:20 बजे विरोध जताया। कांग्रेसियों ने बौद्ध परिपथ पर बैठकर विरोध प्रदर्शन किया और मुकदमा वापस लेने की मांग को लेकर जमकर नारेबाजी की। जिला कांग्रेस अध्यक्ष शिवलाल ने बताया कि उत्तराखंड में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के कार्यक्रम स्थल के कथित शुद्धिकरण पर राहुल गांधी ने दलित सम्मान और सामाजिक बराबरी का मुद्दा उठाया था। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के दबाव में राहुल गांधी के खिलाफ यह मुकदमा दर्ज किया गया है। शिवलाल ने कहा कि यह मुकदमा दलितों के सम्मान के खिलाफ है। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज मुकदमा वापस नहीं होता, देशभर में कांग्रेस धरना-प्रदर्शन करती रहेगी। सरकार को यह मुकदमा वापस लेना पड़ेगा। पूर्व जिलाध्यक्ष अनुज सिंह ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राहुल गांधी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करना लोकतंत्र, संविधान और सामाजिक मूल्यों के विरुद्ध है। उन्होंने जोर देकर कहा कि हल्द्वानी में मल्लिकार्जुन खड़गे के मंच के कथित शुद्धिकरण की घटना दलित समाज के सम्मान से जुड़ा एक गंभीर विषय था, जिस पर राहुल गांधी ने अपनी बात रखी थी। अनुज सिंह ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी के खिलाफ लगातार मुकदमे दर्ज कर लोकतंत्र की आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मुकदमा वापस नहीं लिया गया, तो कांग्रेस सड़कों पर उतरकर अपने संघर्ष को और तेज करेगी। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र और उत्तराखंड सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस मौके पर अवधेश सिंह, पंकज गुप्ता, प्रतीक मिश्रा, राज बहादुर यादव, मार्कण्डेय मिश्रा सहित करीब एक दर्जन कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित रहे।
















































