BREAKING
खबरें लोड हो रही हैं...
Home उत्तर प्रदेश मुठभेड़ में दो इनामिया बदमाश गिरफ्तार:चोरी की कई वारदातों का खुलासा, तमंचे-कारतूस,...

मुठभेड़ में दो इनामिया बदमाश गिरफ्तार:चोरी की कई वारदातों का खुलासा, तमंचे-कारतूस, बाइक और नकदी बरामद

0
4

श्रावस्ती में भिनगा पुलिस और SOG की टीम ने सोमवार रात करीब 10 बजे मुठभेड़ के बाद दो इनामिया बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की पूछताछ में भिनगा, सिरसिया और सोनवा इलाके में हुई कई चोरी की घटनाओं का खुलासा हुआ है। दोनों बदमाशों का लंबा आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। पुलिस के अनुसार, टीम आरोपियों की तलाश में पहुंची थी। पुलिस को देखते ही बदमाशों ने छह राउंड फायरिंग कर दी। जवाब में हुई फायरिंग में बदमाश गिरीश के पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया। फायरिंग के दौरान प्रभारी निरीक्षक राजप्रकाश सिंह की बुलेटप्रूफ जैकेट पर भी गोली लगी, जबकि उपनिरीक्षक अनुराग सिंह गिरने से कोहनी में चोटिल हो गए। पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों की तलाश नकबजनी, चोरी, लूट, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट समेत कई मामलों में थी। पूछताछ में आरोपियों ने भिनगा क्षेत्र में एक घर में घुसकर चोरी करने की बात कबूली। उन्होंने सिरसिया क्षेत्र के पटखौली और फटवा का पुरवा बनकटवा में हुई चोरी की घटनाओं में भी शामिल होने की जानकारी दी। चहलवा क्षेत्र में सेंधमारी कर चोरी करने की बात भी सामने आई है। पुलिस के मुताबिक, चोरी किए गए कुछ आभूषण और अन्य सामान आरोपियों ने नेपाल ले जाकर बेच दिए थे। गिरफ्तार आरोपियों के पास से दो देशी तमंचे 315 बोर, एक जिंदा कारतूस, छह खाली खोखे, चोरी की एक पल्सर मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन और 15 हजार रुपये नकद मिले हैं। इसके अलावा, चार पुरानी पायल, एक पैन कार्ड, दो बैंक पासबुक और एक पासपोर्ट भी पुलिस ने बरामद किया है। बरामद मोटरसाइकिल के संबंध में कोतवाली भिनगा में पहले से एक केस दर्ज था। पुलिस के अनुसार, घायल आरोपी गिरीश बहेलिया के खिलाफ श्रावस्ती और बस्ती जिले में हत्या के प्रयास, चोरी, नकबजनी, एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत करीब 24 केस दर्ज हैं। वहीं, शिव कुमार जायसवाल के खिलाफ भी श्रावस्ती और गोंडा में चोरी, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट समेत कई केस दर्ज हैं। पुलिस दोनों आरोपियों से आगे पूछताछ कर चोरी के अन्य मामलों और नेपाल में बेचे गए सामान के संबंध में जानकारी इकट्ठा कर रही है।