श्रावस्ती के जमुनहा ब्लॉक के नासिरगंज चंदन कोटिया गांव में लंबे समय से जाम पड़ी नालियों की आखिरकार सफाई कर दी गई है। नालियां साफ होने से गांव में भरे गंदे पानी और बदबू से ग्रामीणों को राहत मिली है। जानकारी के अनुसार, कई महीनों से नालियां जाम थीं। इस वजह से गंदा पानी सड़कों पर बह रहा था। इससे मच्छरों का प्रकोप और बीमारियों का खतरा बढ़ गया था। ग्रामीणों की लगातार शिकायत के बाद ग्राम पंचायत ने सफाई कर्मियों को लगाकर नालियों की सफाई करवाई। इस पहल से स्थानीय लोगों ने संतोष जताया है। चंदन कोटिया निवासी अनिल कुमार गुप्ता ने बताया कि पिछले तीन महीने से नाली पूरी तरह जाम थी। उनके घर के सामने गंदा पानी जमा रहता था, जिससे आना-जाना मुश्किल था। अब सफाई होने से उन्हें बहुत राहत मिली है। उन्होंने प्रधान को धन्यवाद दिया। नासिरगंज की रेशमा बेगम का कहना है कि गंदगी की वजह से बच्चे बीमार पड़ रहे थे। बदबू से घर में रहना भी मुश्किल हो गया था। अब नाली साफ हो गई है और पानी का बहाव सही हो गया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आगे भी नियमित सफाई होती रहेगी। चंदन कोटिया निवासी विजय प्रकाश ने कहा कि यह काम बहुत पहले हो जाना चाहिए था। फिर भी देर आए दुरुस्त आए। उन्होंने बताया कि अब सड़क सूख गई है और मच्छर भी कम होंगे।






































