BREAKING
खबरें लोड हो रही हैं...
Home ट्रेंडिंग रायबरेली में जमीनी कलह का खूनी अंजाम, मकान बेचने पर पत्नी और...

रायबरेली में जमीनी कलह का खूनी अंजाम, मकान बेचने पर पत्नी और बेटों ने बाप को पीट-पीटकर मार डाला

0
2

रायबरेली: खीरों थाना क्षेत्र के कान्हामऊ गांव में जमीनी कलह ने भयानक रूप ले लिया। बाग में बने घर में रह रहे 52 वर्षीय अधेड़ की उसकी ही पत्नी और दो बेटों ने बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी परिजन मौके से फरार हो गए। घटना की खबर फैलते ही पूरे इलाके में सनसनी मच गई।

​प्राप्त जानकारी के अनुसार, कान्हामऊ निवासी आशाराम पाल (52) पुत्र चंद्रिका का शव गांव के बाहर बाग स्थित उनके मकान में मिला। परिजनों के बीच लंबे समय से संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था। ग्रामीणों ने बताया कि आशाराम ने गांव स्थित अपना पैतृक मकान गांव के ही बच्चा गुप्ता पुत्र देवीचरण गुप्ता को बेच दिया था। मकान की बिक्री के बाद परिवार में रहने की जगह को लेकर तीखी बहस शुरू हो गई। बेटों ने जब पिता से बेचे गए मकान पर सवाल उठाया कि ‘वे लोग अब कहां रहेंगे’, तो आशाराम ने खेती की बची जमीन भी बेचने की धमकी दे दी।

Also Read: UP: आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का मानदेय बढ़कर 12 हजार, सहायिकाओं को मिलेंगे 6 हजार रुपये

​इस बात से नाराज होकर पत्नी शशि देवी और दोनों बेटों—गौरव व रोहित—का आशाराम से विवाद काफी बढ़ गया। कहासुनी इतनी बढ़ी कि तीनों ने मिलकर आशाराम पर हमला बोल दिया और उन्हें बेरहमी से पीटकर मरणासन्न स्थिति में छोड़ दिया।

Also Read: UP में मौसम का बदला मिजाज, बढ़ने लगी मौसमी बीमारियां, बच्चे-बुजुर्ग सबसे ज्यादा प्रभावित

​सूचना पर पहुंची पीआरवी 112 और सेमरी चौकी इंचार्ज कुलदीप सिंह बुंदेला ने गंभीर रूप से घायल आशाराम को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) खीरों पहुंचाया। वहां इमरजेंसी कक्ष में तैनात चिकित्सक डॉ. राहुल घोष ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

​घटना की गंभीरता को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक आलोक सिंह और क्षेत्राधिकारी लालगंज सुजीत राय ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फरार आरोपी पत्नी और दोनों बेटों की तलाश में पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं।

देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं