बस्ती के बनकटी लालगंज थाना क्षेत्र में ब्याज के पैसे को लेकर एक युवक पर लाठी-डंडों से हमला किया गया। पीड़ित पवन कुमार ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है, जिसके बाद तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। सजना खोर निवासी पवन कुमार पुत्र घनश्याम ने पुलिस को बताया कि उन्होंने धुसना खोर निवासी राजकुमार, जयप्रकाश और सूरत के खिलाफ शिकायत दी है। पवन ने अपनी जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगाई है। पवन कुमार ने बताया कि बीती रात वे अपने दोस्त मनीष के घर जा रहे थे। पुरानी नगर पंचायत कार्यालय के पास राजकुमार, जयप्रकाश और सूरत ने उन पर हमला कर दिया। तीनों ने लाठी-डंडों से पवन पर ताबड़तोड़ वार किए। इस हमले में पवन कुमार को गंभीर चोटें आई हैं। आज बनकटी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में उनका मेडिकल चेकअप कराया गया है। लालगंज थाना अध्यक्ष दिनेश कुमार ने बताया कि मेडिकल रिपोर्ट और जांच के आधार पर धाराओं में बढ़ोतरी हो सकती है। उन्होंने कहा कि मामले में जो भी जरूरी कानूनी कार्रवाई होगी, वह की जाएगी।





































