BREAKING
खबरें लोड हो रही हैं...
Home ट्रेंडिंग प्रयागराज में जुआ अड्डे पर पुलिस कमिश्नर की दबिश, कार्रवाई से पहले...

प्रयागराज में जुआ अड्डे पर पुलिस कमिश्नर की दबिश, कार्रवाई से पहले भागे जुआरी

प्रयागराज। शहर में जुआ और सट्टे के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार तेज होती जा रही है। सिविल लाइंस के बाद अब धूमनगंज क्षेत्र में पुलिस कमिश्नर पीयूष मोर्डिया ने शुक्रवार रात अचानक एक कथित जुआ अड्डे पर छापेमारी की। पुलिस टीम के पहुंचने की भनक लगते ही वहां मौजूद जुआरी और सटोरिए मौके से निकल गए। इसके बाद पुलिस ने अड्डे से जुड़े लोगों की पहचान और उनके ठिकानों के बारे में जानकारी जुटाना शुरू कर दिया है।

अलग-अलग हिस्सों से जाते हैं लोग

बताया जा रहा है कि कसारी-मसारी इलाके में संचालित इस जुआ अड्डे पर शहर के अलग-अलग हिस्सों से लोग पहुंचते थे। भरवारी, नैनी, खुल्दाबाद और करेली समेत कई क्षेत्रों से व्यापारी और अन्य लोग यहां दांव लगाने के लिए आते थे। लंबे समय से चल रही गतिविधियों की जानकारी मिलने के बाद पुलिस कमिश्नर खुद मौके पर पहुंचे और कार्रवाई की।

पुलिस कमिश्नर ने जुआ, सट्टा और मादक पदार्थों की अवैध बिक्री को लेकर सख्त रुख अपनाया है। इससे पहले सिविल लाइंस इलाके में भी पुलिस ने जुआरियों के खिलाफ कार्रवाई की थी। अब पुलिस की निगाह उन लोगों पर है, जिन पर सट्टे का नेटवर्क संचालित करने का संदेह है।

सूत्रों ने दी थी जानकारी

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, पंकज भड़रा, नितिन पंडा, टिंकू, विकास केसरवानी, बबलू खुरी, राजा, पंकज पीएसी, दीपू, शेरू, कुंवरजी निषाद और मध्यान समेत कई नाम पुलिस की जांच के दायरे में हैं। बताया जाता है कि इनमें से कुछ लोगों पर पहले भी कार्रवाई हो चुकी है और अलग-अलग थानों में मुकदमे दर्ज हैं।

वहीं, पंकज भड़रा के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई होने के बावजूद उसकी संपत्तियों पर अब तक कुर्की की कार्रवाई नहीं होने का मुद्दा भी सामने आया है। पुलिस अब पूरे नेटवर्क की पड़ताल कर रही है। हालांकि, पुलिस की ओर से लगाए गए आरोपों और संपत्ति से जुड़े दावों की आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है।