
बहराइच में कजरी तीज पर्व को लेकर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था की तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी सिलसिले में पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने शनिवार शाम सरयू घाट (भग्गड़वा बाजार) का जायजा लिया। उन्होंने सरयू घाट से बाबा बागेश्वर नाथ शिवालय, पयागपुर तक के रास्ते का भी निरीक्षण किया। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष विक्रम सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण दुर्गा प्रसाद तिवारी और संबंधित थाना प्रभारी मौजूद थे।
एसपी ने सरयू घाट और आसपास के इलाकों का निरीक्षण किया। उन्होंने कजरी तीज पर आने वाले श्रद्धालुओं और कांवड़ियों की संभावित भीड़ को देखते हुए तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को घाट पर बैरिकेडिंग, पुलिस बल की तैनाती, ट्रैफिक कंट्रोल, पार्किंग और रास्ते की सुरक्षा के लिए जरूरी निर्देश दिए। एसपी ने कहा कि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को कोई परेशानी न हो। इसके लिए पुलिसकर्मी पूरी मुस्तैदी से ड्यूटी करें ताकि लोगों का आना-जाना बना रहे। भीड़ बढ़ने पर ट्रैफिक को व्यवस्थित करने के लिए डायवर्जन प्लान को अच्छे से लागू करने के निर्देश भी दिए गए। एसपी ने भीड़ वाली जगहों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखने को कहा। जरूरत पड़ने पर ड्रोन कैमरे से भी नजर रखने के निर्देश दिए गए। संवेदनशील जगहों पर खास सावधानी बरतने और किसी भी इमरजेंसी से निपटने के लिए पुलिसकर्मियों को तैयार रहने को कहा गया। अधिकारियों को सुरक्षा में कोई लापरवाही न बरतने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सबसे ऊपर रखने के निर्देश दिए गए।




































