
बहराइच में लखनऊ-बहराइच मार्ग पर रविवार सुबह तेज रफ्तार रोडवेज बस सड़क किनारे खड़े डंपर में जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में महिला परिचालक समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। बस में करीब 25 यात्री सवार थे। बाकी यात्रियों को मामूली चोटें आईं। हादसा कोतवाली देहात क्षेत्र में टेड़वा बसंतपुर के पास सुबह करीब 6 बजे हुआ। बस कानपुर से बहराइच आ रही थी। हादसे के बाद बस में चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों ने घायलों को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। सभी गंभीर घायलों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। डंपर से टकराते ही मची चीख-पुकार रोडवेज बस टेड़वा बसंतपुर के पास पहुंची तो सड़क किनारे गिट्टी लदे डंपर से टकरा गई। टक्कर में बस का अगला हिस्सा बुरी तरह टूट गया। घायल यात्री बाबूलाल प्रजापति ने बताया कि चालक को झपकी आ गई थी, जिससे बस अनियंत्रित होकर डंपर से जा टकराई। हालांकि पुलिस हादसे के वास्तविक कारण की जांच कर रही है। महिला परिचालक समेत चार लोग गंभीर हादसे में महिला परिचालक मुमताज (44), संदीप यादव (19), बाबूलाल प्रजापति (30) और तिलकराम (18) गंभीर रूप से घायल हुए हैं। मुमताज पीलीभीत की ईदगाह कॉलोनी की रहने वाली हैं। संदीप कुट्टी बाजार तिलकपुरवा, बाबूलाल रत्तापुर और तिलकराम तिलकपुरवा, रानीपुर के निवासी हैं। मेडिकल कॉलेज में भर्ती, परिचालक की हालत गंभीर सभी गंभीर घायलों को मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां उन्हें भर्ती कर इलाज शुरू किया गया। ड्यूटी पर तैनात ईएमओ डॉ. आशीष वर्मा ने बताया कि महिला परिचालक मुमताज की हालत गंभीर बनी हुई है। डॉक्टरों की टीम सभी घायलों की निगरानी कर रही है। मामूली घायल यात्रियों को उपचार के बाद भेजा बस में सवार अन्य यात्रियों को भी चोटें आईं, लेकिन उनकी हालत गंभीर नहीं थी। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें अस्पताल से घर भेज दिया गया। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है और बस चालक को झपकी आने की बात समेत दुर्घटना के अन्य कारणों की पड़ताल की जा रही है।





































