BREAKING
खबरें लोड हो रही हैं...
Home उत्तर प्रदेश सड़क हादसे में पिता की मौत,बेटे के पैर खराब:निचलौल में व्हीलचेयर के...

सड़क हादसे में पिता की मौत,बेटे के पैर खराब:निचलौल में व्हीलचेयर के सहारे स्कूल जाएगा कक्षा 3 का छात्र

0
3

चौक थाना क्षेत्र के टीकर निवासी अनुज भारती के परिवार में अप्रैल में हुए एक सड़क हादसे ने खुशियां छीन लीं। इस हादसे में अनुज के पिता रामबचन भारती की मौत हो गई, जबकि अनुज गंभीर रूप से घायल हो गया। करीब एक महीने तक कोमा में रहने के बाद उसकी जान तो बच गई, लेकिन वह अब अपने पैरों पर चलने में सक्षम नहीं है। अनुज प्राथमिक विद्यालय टीकर में कक्षा तीन का होनहार छात्र था। पिता की मौत और खुद के दिव्यांग होने के बाद उसकी पढ़ाई भी छूट गई थी। डॉक्टरों ने परिजनों से कहा कि अनुज को अकेले घर में रखने के बजाय नियमित रूप से स्कूल ले जाएं, ताकि वह लोगों के बीच रहे और सामान्य जीवन की ओर लौट सके। डॉक्टरों ने यह भी चिंता जताई कि लंबे समय तक अकेले रहने पर उसकी बोलने की क्षमता पर असर पड़ सकता है। परिवार की आर्थिक स्थिति पहले से ही कमजोर है। अनुज की मां अंजनी रसोइया के पद पर काम करती हैं। पति की मौत के बाद तीन बच्चों की जिम्मेदारी भी उन्हीं के कंधों पर आ गई है। अनुज के अलावा बेटी अन्नु कक्षा छह और बेटा रवि कक्षा सात में पढ़ते हैं। अनुज का इलाज गोरखपुर के एक निजी अस्पताल से चल रहा है, जिस पर हर महीने परिवार को काफी खर्च करना पड़ रहा है। ऐसे में बेटे को स्कूल तक ले जाना भी मां के लिए एक बड़ी चुनौती थी। मां अंजनी ने अपनी परेशानी प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाचार्य राघवेंद्र पटेल को बताई। उन्होंने अनुज की स्थिति को समझते हुए मदद की पहल की। उनकी पहल पर योग जागृति फाउंडेशन, निचलौल के पदाधिकारियों ने अनुज के लिए व्हीलचेयर दी। फाउंडेशन के अध्यक्ष संतोष सिंह और सदस्य हिमांशु गुप्ता ने व्हीलचेयर देकर परिवार को सहारा दिया। व्हीलचेयर मिलने के बाद अनुज और उसके परिवार के चेहरे पर उम्मीद दिखाई दी। अब वह फिर से स्कूल जा सकेगा और अपने साथियों के बीच बैठकर पढ़ाई कर सकेगा। इस अवसर पर समाजसेवी वीके पाण्डेय, प्रधानाचार्य राघवेंद्र पटेल, वाजिद अली, शशिलता द्विवेदी और नर्बदा श्रीवास्तव मौजूद रहे।