
बहराइच के मोतीपुर थाना क्षेत्र में दौलतपुर से वैबाही तक जाने वाली करीब 3.50 किलोमीटर लंबी सड़क मरम्मत के सिर्फ दो महीने बाद ही जगह-जगह से उखड़ने लगी है। सड़क की खराब हालत को लेकर स्थानीय ग्रामीणों में नाराजगी है। उन्होंने लोक निर्माण विभाग (PWD) पर काम की क्वालिटी को लेकर सवाल उठाए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की मरम्मत हाल ही में हुई थी, लेकिन कुछ ही समय बाद इसकी ऊपरी परत खराब होने लगी। कई जगहों पर सड़क टूटने से आने-जाने में दिक्कत हो रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण के दौरान क्वालिटी का ध्यान नहीं रखा गया, जिसकी वजह से सड़क जल्दी खराब हो गई। ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि अगर सरकारी पैसा खर्च करने के बाद सड़क कुछ ही महीनों में खराब हो जाए, तो ऐसे काम का आम लोगों को क्या फायदा मिलेगा। उनका कहना है कि मरम्मत के बाद सड़क कम से कम पांच से छह महीने तक अच्छी हालत में रहनी चाहिए। उन्होंने विभाग और सरकार से सड़क निर्माण की क्वालिटी की जांच कराने और सही तरीके से दोबारा मरम्मत कराने की मांग की है। इस बारे में बहराइच PWD के अधिकारी आशीष सिंह से बात की गई। उन्होंने बताया कि बरसात के कारण सड़क उखड़ने की आशंका है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि बरसात खत्म होने के बाद सड़क की दोबारा मरम्मत कराई जाएगी। फिलहाल सड़क की खराब हालत को लेकर ग्रामीणों में गुस्सा है और वे जल्द ही पक्के समाधान की मांग कर रहे हैं। मौके की तस्वीरों में भी सड़क की उखड़ी हुई स्थिति साफ दिख रही है।






































