BREAKING
खबरें लोड हो रही हैं...
Home उत्तर प्रदेश महराजगंज के रोहिन नदी में मिला छात्र का शव:पनियरा में दो दिन...

महराजगंज के रोहिन नदी में मिला छात्र का शव:पनियरा में दो दिन से चल रहा था सर्च ऑपरेशन, परिजनों ने की पहचान

0
1

महराजगंज के पनियरा थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह रोहिन नदी में 14 वर्षीय किशोर का शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव जर्दी ग्राम पंचायत के भगड़ा टोला के पास पानी में तैरता मिला। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकालकर कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पहचान चुनवटिया ग्राम पंचायत के बरगदही टोला निवासी हिमांशु यादव के रूप में हुई। वह राजेश्वर यादव का इकलौता बेटा था और उसकी दो बड़ी बहनें हैं। हिमांशु खुटहा स्थित आरएस पब्लिक स्कूल में कक्षा सात का छात्र था। सोमवार को स्कूल की छुट्टी के बाद घर नहीं लौटने पर उसकी तलाश शुरू हुई थी। परिजनों के अनुसार, सोमवार को स्कूल की छुट्टी होने के बाद हिमांशु घर नहीं पहुंचा। तलाश के दौरान त्रिमोहानी नदी पुल के पास उसकी साइकिल और स्कूल बैग मिला। इससे परिवार की चिंता बढ़ गई। आसपास खोजबीन के बाद पुलिस को सूचना दी गई। नदी में छलांग लगाने की मिली जानकारी प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हिमांशु ने त्रिमोहानी पुल से नदी में छलांग लगाई थी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और नदी में किशोर की तलाश शुरू कराई गई। पानी का बहाव और नदी की स्थिति चुनौतीपूर्ण होने के कारण तलाशी अभियान जारी रहा। किशोर की तलाश के लिए NDRF और SDRF की टीमों को भी लगाया गया। दोनों टीमों ने लगातार दो दिनों तक नदी में सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन हिमांशु का कोई पता नहीं चल सका। परिजन भी नदी के आसपास उसकी तलाश में जुटे रहे। बुधवार सुबह करीब 8 बजे जर्दी ग्राम पंचायत के भगड़ा टोला के पास ग्रामीणों ने रोहिन नदी में एक शव तैरते देखा। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को नदी से बाहर निकाला। सूचना मिलने पर NDRF और SDRF की टीम भी वहां पहुंची। परिजनों ने की शव की पहचान पुलिस ने किशोर की पहचान के लिए उसके परिजनों को मौके पर बुलाया। परिजनों ने शव की पहचान हिमांशु यादव के रूप में की। बेटे का शव मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया। इकलौते बेटे की मौत से माता-पिता और बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पनियरा थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि नदी से मिले किशोर के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।