BREAKING
खबरें लोड हो रही हैं...
Home उत्तर प्रदेश भारत-नेपाल सीमा पर वन अपराध रोकने को संयुक्त गश्त:बहराइच में संयुक्त व्हाट्सएप...

भारत-नेपाल सीमा पर वन अपराध रोकने को संयुक्त गश्त:बहराइच में संयुक्त व्हाट्सएप ग्रुप और हॉटलाइन भी सक्रिय रहेंगे

0
1


भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में वन अपराधों को रोकने के लिए कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के धर्मापुर रेंज की बॉर्डर चौकी पर एक संयुक्त समन्वय बैठक हुई। इसमें भारत और नेपाल के वन विभाग, सशस्त्र सीमा बल (SSB) और नेपाल आर्म्ड पुलिस फोर्स (APF) के अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में धर्मापुर रेंज के वन क्षेत्राधिकारी, नेपाल के जयनगर वन प्रभाग के बबई उप वन प्रभाग के पांचव के रेंज अधिकारी प्रभा कुमारी थापा, सशस्त्र सीमा बल के सब इंस्पेक्टर धीरज कुमार भरद्वाज और नेपाल आर्म्ड पुलिस फोर्स के उप निरीक्षक कोट बहादुर ओली समेत अन्य स्टाफ शामिल था। बैठक के दौरान सीमा क्षेत्र में आ रही कई चुनौतियों से निपटने के लिए विभिन्न बातों पर विस्तार से चर्चा हुई। अधिकारियों ने सहमति जताई कि वन अपराधों को रोकने के लिए दोनों देशों की सीमा में गश्त और बढ़ाई जाएगी। साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी भी मजबूत की जाएगी। नेपाल क्षेत्र में सक्रिय शातिर वन अपराधियों और शिकारी गिरोहों पर लगाम कसने के लिए भी रणनीति बनी। इसके तहत दोनों देशों के वांछित अपराधियों की सूची आपस में बदलकर उनके खिलाफ संयुक्त रूप से सख्त कार्रवाई करने का फैसला हुआ। वन अपराध से संबंधित खुफिया जानकारी तुरंत साझा करने के लिए एक संयुक्त व्हाट्सएप ग्रुप और हॉटलाइन संपर्क को सक्रिय रखने पर भी सहमति हुई। बैठक के आखिर में यह फैसला हुआ कि भारत-नेपाल सीमा के संवेदनशील वन क्षेत्रों में वन विभाग, एसएसबी और एपीएफ की संयुक्त पेट्रोलिंग टीम दिन-रात नियमित गश्त करेगी। इससे अवैध कटान और शिकार की घटनाओं पर पूरी तरह रोक लगाई जा सकेगी। सभी अधिकारियों ने वन और वन्यजीव संरक्षण के लिए आपसी तालमेल से काम करने का वचन दिया।