
पयागपुर नगर पंचायत में जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। जगह-जगह जलभराव के कारण मुख्य सड़क की हालत खराब हो चुकी है। सड़क पर बने गहरे गड्ढे गंदे और कीचड़युक्त पानी से भरे हैं। इससे पैदल राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों के लिए रास्ते से गुजरना मुश्किल हो गया है। भूपगंज बाजार के बारी पुरवा से रेलवे स्टेशन जाने वाला मार्ग क्षेत्र की प्रमुख सड़कों में शामिल है। जलभराव और सड़क की बदहाली के कारण करीब 100 मीटर की दूरी तय करने के लिए लोगों को ब्लॉक मुख्यालय की ओर से घूमकर करीब एक किलोमीटर का चक्कर लगाना पड़ रहा है। यह रास्ता बाजार और रेलवे स्टेशन आने-जाने वाले लोगों के लिए महत्वपूर्ण है। गड्ढों में पानी भरा होने से उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता। दोपहिया वाहन चालकों के साथ पैदल राहगीरों के लिए भी यहां हादसे का खतरा बना रहता है। कीचड़ और गंदे पानी के बीच से निकलने में फिसलने की आशंका बनी रहती है। नाले में डूबने से व्यक्ति की मौत शुक्रवार रात वार्ड नंबर पांच में जलभराव के दौरान एक व्यक्ति की नाले में डूबने से मौत हो गई थी। इस घटना ने जल निकासी की बदहाल व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इसके बावजूद सड़क और जल निकासी व्यवस्था को लेकर अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। लोगों को आशंका है कि यदि जल्द जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई और सड़क के गड्ढों को ठीक नहीं कराया गया तो भविष्य में बड़ा हादसा हो सकता है। स्थानीय लोग नगर पंचायत प्रशासन से स्थायी समाधान की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि पयागपुर को जलभराव से निजात दिलाने के लिए अब प्रशासन को ठोस कदम उठाने की जरूरत है।





































