BREAKING
खबरें लोड हो रही हैं...
Home उत्तर प्रदेश रतनपुर स्कूल में दाल-रोटी की जगह दाल-पीठा:डीएम से ग्रामीण ने शिकायत कर...

रतनपुर स्कूल में दाल-रोटी की जगह दाल-पीठा:डीएम से ग्रामीण ने शिकायत कर मिड-डे मील, खेल सामग्री और गैस सिलेंडर में गड़बड़ी बताई

0
5

महराजगंज के सिसवा इलाके के रतनपुर गांव में बबलू प्रसाद नाम के ग्रामीण ने जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल को एक शिकायत पत्र दिया है। इसमें रतनपुर के अपर प्राइमरी स्कूल में मिड-डे मील (एमडीएम), खेल सामग्री, गैस सिलेंडर, बच्चों के रिपोर्ट कार्ड और टीसी समेत कई मामलों में गड़बड़ी का आरोप लगाया गया है। ग्रामीण ने इन सब की जांच और कार्रवाई की मांग की है। शिकायत पत्र में कहा गया है कि अप्रैल 2026 से स्कूल में सोमवार को बच्चों को फल और बुधवार को दूध नहीं बांटा जा रहा है। मिड-डे मील भी तय मेन्यू और नियम के हिसाब से नहीं बनाया जा रहा है। शिकायतकर्ता का कहना है कि करीब 85 बच्चों के लिए सिर्फ 500 ग्राम दाल का इस्तेमाल होता है। दाल-रोटी की जगह कथित रूप से दाल-पीठा बनवाया जाता है। ग्रामीण ने यह भी आरोप लगाया है कि स्कूल में पिछले तीन साल से खेल का सामान नहीं खरीदा गया है और न ही रंगाई-पुताई का काम हुआ है। इसके अलावा, अपर प्राइमरी स्कूल रतनपुर के नाम पर जारी दो एचपी गैस सिलेंडर स्कूल में इस्तेमाल नहीं हो रहे हैं। इंचार्ज हेडमास्टर पर इन सिलेंडरों के पैसे हड़पने का आरोप है। शिकायतकर्ता ने गैस एजेंसी की पासबुक और स्कूल के रिकॉर्ड की जांच की मांग की है। शिकायत में यह भी कहा गया है कि खराब रसोईघर की मरम्मत नहीं कराई गई है। कंपोजिट ग्रांट के पैसे के इस्तेमाल में भी गड़बड़ी हुई है। कुछ ऐसे बच्चों के नाम प्राथमिक स्कूल रतनपुर में दर्ज दिखाकर मिड-डे मील का फायदा लिया जा रहा है, जो पांचवीं पास करने के बाद अप्रैल में दूसरे स्कूल में एडमिशन ले चुके हैं। शिकायतकर्ता ने ब्लॉक शिक्षा अधिकारी की पिछली जांच रिपोर्ट पर भी सवाल उठाए हैं और मामले की सही जांच कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि स्कूल से जुड़े मामलों की जांच कर असलियत सामने लाई जाए। इस मामले में जिलाधिकारी ने भरोसा दिया है कि जांच कर कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान छेदी साहनी, रामफल शर्मा, मुन्ना शर्मा, सुरेंद्र प्रजापति, रामलाल यादव, सुमित्रा देवी, सोनी समेत कई लोग मौजूद थे।