लाखों श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक, सुरक्षा के रहे कड़े इंतजाम
श्रावस्ती। कजरी तीज के पावन पर्व पर जनपद श्रावस्ती के सिरसिया क्षेत्र में स्थित गुप्त काशी के नाम से प्रसिद्ध पांडवकालीन बाबा विभूति नाथ मंदिर में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। रात्रि 12 बजे मंदिर के कपाट खुलते ही दूर-दराज से पहुंचे लाखों श्रद्धालुओं ने बाबा विभूति नाथ का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की और अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए आशीर्वाद मांगा।
जलाभिषेक कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष दद्दन मिश्रा, मंदिर के महंत शिवनाथ गिरी, पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी, एडीएम श्रावस्ती तथा एसडीएम भिनगा आशीष भारद्वाज द्वारा बाबा विभूति नाथ के जलाभिषेक के साथ किया गया। इसके बाद श्रद्धालुओं के लिए मंदिर के कपाट खोल दिए गए।
सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चौबंद श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग एवं पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी के निर्देश पर मंदिर परिसर और मेला क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात किया गया। जगह-जगह बैरिकेडिंग लगाकर श्रद्धालुओं को व्यवस्थित तरीके से मंदिर परिसर तक पहुंचाया गया, ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था या परेशानी न हो।
पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक चंद्रकेश सिंह, सीओ भिनगा भारत पासवान, थाना अध्यक्ष सिरसिया सौरभ कुमार सिंह तथा बाबा विभूति नाथ चौकी प्रभारी आदर्श मौर्य के नेतृत्व में सुरक्षा व्यवस्था संभाली गई।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एंटी रोमियो टीम के साथ-साथ खोया-पाया केंद्र भी स्थापित किया गया। पुलिसकर्मी लगातार मेला क्षेत्र में भ्रमण कर व्यवस्थाओं पर नजर रखते रहे।स्वास्थ्य विभाग ने संभाला मोर्चा दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए स्वास्थ्य विभाग की टीम भी मेला परिसर में मौजूद रही। सीएमओ श्रावस्ती की निगरानी में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉ. सत्य शरण अपनी टीम के साथ श्रद्धालुओं को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराते दिखाई दिए।कई श्रद्धालुओं की तबीयत बिगड़ने पर चिकित्सकों द्वारा उनका स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक दवाइयां वितरित की गईं। आपात स्थिति से निपटने के लिए मेला परिसर में 108 एंबुलेंस भी तैनात रहीं।
बिजली और साफ-सफाई की भी रही व्यवस्था मेले में विद्युत व्यवस्था को भी सुचारू बनाए रखने के लिए विद्युत विभाग की टीम लगातार मौजूद रही। एसडीओ भिनगा राजीव यादव तथा गुलरिया पावर हाउस की टीम ने मेला परिसर में विद्युत व्यवस्था की निगरानी की।वहीं साफ-सफाई व्यवस्था को लेकर विकासखंड सिरसिया के खंड विकास अधिकारी एवं पंचायत विभाग के कर्मचारी मेला परिसर में तैनात रहे और लगातार सफाई व्यवस्था पर नजर बनाए रखी।कजरी तीज के अवसर पर बाबा विभूति नाथ मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ ने एक बार फिर इस धार्मिक स्थल की आस्था और महत्व को प्रदर्शित किया। देर रात से ही शुरू हुआ जलाभिषेक का सिलसिला लगातार चलता रहा और पूरा मंदिर परिसर हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजा








































