
बलरामपुर के सादुल्लानगर थाना पुलिस ने सोमवार को बैंक, डाकघर और जनसेवा केंद्र सहित अन्य वित्तीय संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए सघन चेकिंग अभियान चलाया। थानाध्यक्ष सत्येंद्र वर्मा के नेतृत्व में मिशन शक्ति टीम ने इन संस्थानों का निरीक्षण किया और सुरक्षा उपकरणों की स्थिति जांची। पुलिस टीम ने बैंकों के अंदर और आसपास संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की जांच की। बैंक अधिकारियों और कर्मचारियों से सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में जानकारी ली गई। इस दौरान सीसीटीवी कैमरे, फायर अलार्म सहित अन्य सुरक्षा उपकरणों की भी जांच की गई। पुलिस ने अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। अभियान के दौरान बैंक और डाकघर में आने वाले ग्राहकों को साइबर अपराधों से सतर्क रहने के लिए जागरूक किया गया। पुलिस ने उन्हें किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, एटीएम पिन, पासवर्ड, बैंक खाते की जानकारी या अन्य गोपनीय सूचनाएं साझा न करने की सलाह दी। संदिग्ध फोन कॉल, लिंक या मैसेज आने पर तुरंत सावधानी बरतने और धोखाधड़ी होने पर तत्काल पुलिस व संबंधित बैंक को सूचित करने को कहा गया। पुलिस ने बैंक ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों को भी संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और आवश्यकता पड़ने पर संदिग्ध व्यक्तियों की जांच करने के निर्देश दिए। इस अभियान से बैंक ग्राहकों में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ी है।
Home लेटेस्ट न्यूज़ सादुल्लानगर पुलिस ने वित्तीय संस्थानों की सुरक्षा परखी:बैंक-डाकघर, जनसेवा केंद्रों पर सघन...















































