श्रावस्ती जिले के हरिहरपुर रानी विकासखंड की ग्राम पंचायत खर्च में गांव का मुख्य रास्ता लंबे समय से खराब है। खड़ंजा मार्ग जगह-जगह टूटकर गड्ढों में बदल गया है। बारिश के दिनों में रास्ते पर पानी भर जाता है और कीचड़ हो जाती है, जिससे दोपहिया, चारपहिया वाहन चालकों और पैदल चलने वालों को काफी दिक्कत होती है। ग्रामीण रामगोपाल ने बताया कि यह गांव का मुख्य रास्ता है और इससे रोजाना बड़ी संख्या में लोग आते-जाते हैं। रास्ता खराब होने की वजह से ग्रामीणों को आने-जाने में परेशानी होती है। मुकेश कुमार ने बताया कि हल्की बारिश होते ही रास्ते में जगह-जगह पानी भर जाता है। गड्ढों में पानी जमा होने से रास्ते की हालत का पता लगाना मुश्किल हो जाता है, जिससे वाहन चालकों को दिक्कत होती है। राजेश कुमार ने बताया कि इसी रास्ते से स्कूली बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग रोजाना आते-जाते हैं। कीचड़ होने पर पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है। इंदरजीत ने कहा कि रास्ते की खराब हालत के कारण आसपास के गांवों से आने-जाने वाले लोगों को भी परेशानी हो रही है। बाबू राम यादव ने बताया कि गांव के 500 से ज्यादा लोग रोजाना इसी मुख्य रास्ते से आते-जाते हैं। इसके अलावा, आसपास के कई गांवों के लोग भी इसी रास्ते का इस्तेमाल करते हैं। रास्ते की हालत खराब होने से लोगों की परेशानी बनी हुई है। प्रवेश मौर्य व बच्चा राम ने कहा कि ग्रामीण लंबे समय से रास्ते की मरम्मत की मांग कर रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर इस बार भी रास्ते की मरम्मत नहीं कराई गई, तो गांव के लोग चुनाव में वोट डालने नहीं जाएंगे। ग्रामीणों ने स्थानीय नेताओं और संबंधित अधिकारियों से मुख्य रास्ते की जल्द मरम्मत कराने और जलभराव व कीचड़ की समस्या खत्म करने की मांग की है, ताकि लोगों को आने-जाने में सुविधा मिल सके।
बहराइच में 2 महीने में उखड़ी दौलतपुर-वैबाही सड़क:ग्रामीणों ने PWD पर...
बहराइच के मोतीपुर थाना क्षेत्र में दौलतपुर से वैबाही तक जाने वाली करीब 3.50 किलोमीटर लंबी सड़क मरम्मत के सिर्फ दो महीने बाद ही...






































