BREAKING
खबरें लोड हो रही हैं...
Home उत्तर प्रदेश सोनौली बॉर्डर पर ट्रकों की मनमानी पर पुलिस का एक्शन:पहली बार ट्रैफिक...

सोनौली बॉर्डर पर ट्रकों की मनमानी पर पुलिस का एक्शन:पहली बार ट्रैफिक पुलिस तैनात, 75 वाहनों का चालान कर ₹1.70 लाख जुर्माना वसूला

0
1

भारत-नेपाल के अंतरराष्ट्रीय सोनौली बॉर्डर पर नेपाल जाने वाले मालवाहक ट्रकों की बढ़ती कतार और जाम की समस्या से निपटने के लिए पुलिस प्रशासन ने पहली बार बड़े स्तर पर यातायात पुलिस तैनात की है। इस कार्रवाई में अब तक 75 वाहनों का चालान किया गया है और ₹1,70,500 का जुर्माना वसूला गया है। सीमा क्षेत्र में ट्रैफिक व्यवस्था को ठीक करने के लिए पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) नौतनवा बसंत सिंह खुद सड़क पर उतरे। उन्होंने देर शाम तक पुलिस बल के साथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर पैदल मार्च किया। इस दौरान उन्होंने ट्रकों की आवाजाही का जायजा लिया और व्यवस्था संभाली। नौतनवा क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग पर आए दिन लंबा जाम लग रहा था। इसे देखते हुए प्रशासन ने लाइन व्यवस्था को सख्ती से लागू करने का फैसला किया है। ट्रकों के लाइन तोड़कर आगे बढ़ने से रोकने और आम नागरिकों को जाम से राहत दिलाने के लिए कई खास जगहों पर पुलिस और ट्रैफिक पुलिस तैनात की गई है। महुअवा मोड़, कुनसेरवा बाईपास, पहुनी पेट्रोल पंप, एसएसबी रोड और माता बनैलिया मंदिर पर दो-दो ट्रैफिक पुलिसकर्मी लगाए गए हैं। इसके अलावा, रूट व्यवस्था को ठीक रखने के लिए पांच और पुलिसकर्मियों को जिम्मेदारी दी गई है। सोनौली थाना क्षेत्र के महुअवा चौराहा, बुद्ध चौक, कोतवाली तिराहा और न्यू बाबा लॉज के पास भी यातायात पुलिस के जवान लगातार नजर रख रहे हैं। वहीं, नौतनवा थाना क्षेत्र के बनैलिया मंदिर चौराहे पर भी ट्रैफिक पुलिसकर्मी तैनात हैं। कुल आठ पुलिसकर्मी अलग-अलग संवेदनशील जगहों पर चौबीसों घंटे ट्रकों की आवाजाही पर नजर बनाए हुए हैं, ताकि राष्ट्रीय राजमार्ग पर ट्रैफिक रुके नहीं और लोगों को जाम की दिक्कत न हो। पुलिस क्षेत्राधिकारी बसंत सिंह ने बताया कि ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल लगाया गया है। पुलिस लगातार वाहनों की निगरानी कर रही है। लाइन तोड़ने या अव्यवस्था फैलाने वाले वाहन चालकों के खिलाफ तुरंत कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सोनौली थाना अध्यक्ष महेंद्र कुमार मिश्रा ने कहा कि लाइन तोड़कर आगे निकलने की कोशिश करने वाले वाहन चालकों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी है। अब तक यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 75 वाहनों का चालान किया जा चुका है और ₹1,70,500 का समन शुल्क वसूला गया है।