रिपोर्ट:विशाल कसौधन। निचलौल (महाराजगंज): सरस्वती देवी महाविद्यालय, निचलौल में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई द्वारा ‘आचार्य रजनीश’ के मार्गदर्शन में “युवाओं में साइबर सुरक्षा की अनिवार्यता” विषय पर एक दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा माँ सरस्वती एवं माँ भारती के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से थाना निचलौल की साइबर सुरक्षा टीम से कांस्टेबल संजीव सिंह, महिला उप निरीक्षक वंदना कुमारी, महिला कांस्टेबल गुड़िया तथा कांस्टेबल अवनीश सिंह मौजूद रहे। छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए साइबर विशेषज्ञ कांस्टेबल संजीव सिंह ने डिजिटल युग में बढ़ रहे ऑनलाइन अपराधों पर चिंता जताई। उन्होंने फर्जी कॉल, ओटीपी (OTP) शेयर न करने, मजबूत पासवर्ड बनाने, संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करने और डिजिटल पेमेंट के दौरान सतर्क रहने के व्यावहारिक उपाय बताए। संजीव सिंह ने बताया कि किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी का शिकार होने पर पीड़ित बिना देरी किए तत्काल राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं। इसके अलावा, महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के लिए जारी महिला हेल्पलाइन 1090, 181 और आपातकालीन सेवा 112 के इस्तेमाल और कार्यप्रणाली के बारे में जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने साइबर सुरक्षा से संबंधित व्यावहारिक सवाल भी पूछे, जिनका पुलिस टीम ने बेहद सरल और उदाहरण देकर समाधान किया।इस अवसर पर शिविर संचालक सैयद आलम अंसारी, सह-संचालक विशाल कुमार कसौधन, उप प्रबंध निदेशक आदित्य सिंह, प्राचार्य सुनील पांडेय, उप-प्राचार्य बृजेश उपाध्याय, देवेंद्र पांडेय, मनोज यादव, सर्वेश तिवारी, राम दरश, संदीप कुमार, प्रमोद शर्मा, अवनीश पांडेय, दिव्य दीपक, पल्लवी, पूनम समेत महाविद्यालय के शिक्षकगण एवं NSS स्वयंसेवक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान और धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।








































