महराजगंज जिले में भारत-नेपाल सीमा पर एसएसबी ने बड़ी कार्रवाई की है। निचलौल इलाके के तिलबारी गांव के पास 1296 किलोग्राम चाइनीज लहसुन पकड़ा गया है। इसे अवैध तरीके से भारत लाया गया था। 22वीं बटालियन सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) महराजगंज की पतलावा सीमा चौकी को खुफिया जानकारी मिली थी। सूचना थी कि नेपाल से लाया गया चाइनीज लहसुन तिलबारी गांव के बाहर एक खेत के पास छिपाकर रखा गया है। इसे किसी गाड़ी में भरकर आगे भेजने की तैयारी थी। यह जानकारी मिलते ही सहायक कमांडेंट संदीप सिंह के नेतृत्व में एक टीम बनाई गई। इसमें निरीक्षक अरुण कुमार पाण्डेय, आरक्षी धर्मेंद्र कुमार राम, आरक्षी हसीबुर रहमान और चालक जीवन सिंह शामिल थे। टीम तुरंत मौके पर पहुंची और तलाशी अभियान शुरू किया। सीमा स्तंभ संख्या 497/1 के पास भारत की तरफ करीब 500 मीटर अंदर तलाशी ली गई। यहीं पर चाइनीज लहसुन बरामद हुआ। जब्त किए गए लहसुन को निचलौल के सीमा शुल्क कार्यालय में तौला गया। इसका कुल वजन 1296 किलोग्राम निकला। एसएसबी ने नियमों के तहत लहसुन को जब्त करने और सौंपने की कार्रवाई पूरी की। बरामद लहसुन को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए निचलौल के सीमा शुल्क कार्यालय को सौंप दिया गया है। भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी रोकने के लिए एसएसबी लगातार अभियान चला रही है। इस कार्रवाई को सीमा पार से होने वाली अवैध तस्करी के खिलाफ एक महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।
बहराइच के शिव मंदिर में कड़ी-चावल का भंडारा:पूजन-वंदन के बाद सैकड़ों...
बहराइच के विकासखंड विशेश्वरगंज की ग्राम पंचायत कुर्सहा में 9 सितंबर, बुधवार को शिव मंदिर पर भंडारा और पूजन-वंदन कार्यक्रम हुआ। इस दौरान सैकड़ों...








































