
बहराइच के रिसिया कस्बे में एक महीने से ज्यादा समय से आतंक मचा रहा हमलावर लंगूर आखिरकार पकड़ा गया। वन विभाग की सिद्धार्थनगर और महराजगंज से आई टीम ने उसे काबू किया। इस लंगूर ने अब तक दो दर्जन से ज्यादा लोगों को घायल किया था, जिसमें एक युवक की हालत गंभीर थी। बुधवार सुबह से ही लंगूर कस्बे में उत्पात मचा रहा था। शाम करीब 6 बजे महेश अग्रवाल के पास से लंगूर को पकड़ा गया, जिसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली। वन विभाग ने लंगूर को पकड़ने के लिए सिद्धार्थनगर से एक विशेष टीम बुलाई थी। वन विभाग के बीट प्रभारी शिवम पांडे अपनी टीम रामनाथ और राम सागर के साथ लंगूर की हर हरकत पर नजर रख रहे थे। शाम करीब पांच बजे लंगूर चंद्र शेखर बालिका इंटर कॉलेज के पास एक चाट के ठेले पर बैठ गया। वन कर्मियों ने भीड़ को हटाया। इसके बाद लंगूर टेलीफोन एक्सचेंज के पास एक मार्केट में घुस गया। सिद्धार्थनगर और महराजगंज की टीम के सदस्य मोहम्मद हसन, शाह मोहम्मद, शहजाद अली और शमशुल्ला ने जाल लगाकर उसे पकड़ा। इस रेस्क्यू के दौरान सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई। रिसिया चौकी से देवेंद्र और पंकज के साथ 112 की टीम मौके पर पहुंची और भीड़ को काबू किया। लंगूर के हमले में अंशुमा शर्मा, रुद्रांश शर्मा, अमित वर्मा और सीएचसी के एक कर्मचारी समेत दो दर्जन से ज्यादा लोग घायल हुए थे। बीट प्रभारी शिवम पांडे ने बताया कि लंगूर को अभी नानपारा रेंज कार्यालय ले जाया जा रहा है। इसके बाद उसे कतर्नियाघाट जंगल में छोड़ा जाएगा।
हरपुर पकड़ी में बच्चों ने किया कृष्ण के छटीहार का:विशाल भंडारे...
सिसवा बाजार के हरपुर पकड़ी चौराहे पर श्री कृष्ण जन्माष्टमी के छठे दिन भगवान कृष्ण का छटीहार मनाया गया। इस मौके पर बच्चों ने...








































