BREAKING
खबरें लोड हो रही हैं...
Home उत्तर प्रदेश बारिश और तेज हवा से धान की फसल गिरी:मिठौरा में किसान दोहरी...

बारिश और तेज हवा से धान की फसल गिरी:मिठौरा में किसान दोहरी मार झेल रहे, खाद के लिए भी भटकना पड़ रहा

0
2

महराजगंज के विकासखंड मिठौरा क्षेत्र की ग्राम पंचायतों में किसान इन दिनों दोहरी मार झेल रहे हैं। एक ओर खाद और बीज के लिए सरकारी केंद्रों पर लंबी कतारों में घंटों खड़ा होना पड़ रहा है, वहीं दूसरी ओर तैयार धान की फसल पर मौसम की मार से किसानों की चिंता बढ़ गई है। लगातार बारिश और तेज हवा के कारण कई खेतों में खड़ी धान की फसल जमीन पर गिर गई है। किसानों का कहना है कि सरकारी व्यवस्था से खाद लेने के लिए उन्हें दो-दो दिन से लेकर एक सप्ताह तक लाइन में लगना पड़ता है। इसके बावजूद कई बार खाद नहीं मिल पाती। मजबूर होकर किसानों को निजी दुकानों से महंगे दाम पर खाद खरीदनी पड़ रही है। खेती की बढ़ती लागत ने पहले ही किसानों को परेशान कर रखा है। किसानों ने जैसे-तैसे मेहनत कर धान की फसल तैयार की थी, लेकिन कटाई से पहले ही बारिश और हवा ने उनकी उम्मीदों को तोड़ दिया। खेतों में फसल गिरने से उत्पादन पर असर पड़ने के साथ कटाई का खर्च भी बढ़ने की संभावना है। किसान सरजू यादव, सुदर्शन, संजय राव, मंजीत सिंह, राघवेंद्र, सहदेव, अवधेश कुमार, राजू चौहान और आवेद खान ने प्रशासन से पर्याप्त खाद उपलब्ध कराने तथा मौसम से प्रभावित किसानों को राहत देने की मांग की है।