BREAKING
खबरें लोड हो रही हैं...
Home लेटेस्ट न्यूज़ 62वीं वाहिनी एसएसबी में दो दिवसीय मानव तस्करी विरोधी कार्यशाला का सफल...

62वीं वाहिनी एसएसबी में दो दिवसीय मानव तस्करी विरोधी कार्यशाला का सफल समापन

0
3

 

 

 

 

भिनगा। उच्च मुख्यालय, सशस्त्र सीमा बल के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में तथा श्री अमरेन्द्र कुमार वरुण, कमांडेंट, 62वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, भिनगा के कुशल निर्देशन एवं मार्गदर्शन में वाहिनी में आयोजित दो दिवसीय मानव तस्करी विरोधी कार्यशाला का आज सफलतापूर्वक समापन किया गया।

 

कार्यशाला के दौरान एनजीओ देहात एवं पुलिस विभाग के विशेषज्ञों द्वारा वाहिनी के जवानों को विभिन्न सत्रों एवं कक्षा प्रशिक्षण के माध्यम से मानव तस्करी की पहचान, रोकथाम, बचाव एवं पीड़ितों के पुनर्वास के साथ-साथ मानव तस्करी से संबंधित कानूनों एवं प्रावधानों के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।

 

प्रशिक्षण के दौरान जवानों को विशेष रूप से सीमा क्षेत्र में मानव तस्करी की संभावित गतिविधियों की पहचान, संदिग्ध व्यक्तियों एवं परिस्थितियों के प्रति सतर्कता, पीड़ितों के प्रति संवेदनशील व्यवहार तथा संबंधित विभागों एवं एजेंसियों के साथ प्रभावी समन्वय स्थापित करने के संबंध में प्रशिक्षित किया गया।

 

कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य सीमा क्षेत्र में मानव तस्करी जैसी गंभीर सामाजिक समस्या के विरुद्ध जवानों की जागरूकता, सतर्कता एवं कार्यकुशलता को बढ़ाना तथा मानव तस्करी की रोकथाम हेतु संबंधित विभागों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करना रहा।

 

समापन अवसर पर जवानों को मानव तस्करी के विरुद्ध प्रभावी भूमिका निभाने तथा समाज के कमजोर एवं संवेदनशील वर्गों की सुरक्षा के लिए सजग, संवेदनशील एवं तत्पर रहने हेतु प्रेरित किया गया।

 

यह दो दिवसीय कार्यशाला मानव तस्करी के विरुद्ध सशस्त्र सीमा बल की प्रतिबद्धता को मजबूत करने तथा सीमा क्षेत्र में सुरक्षा के साथ-साथ मानवीय सरोकारों को प्रभावी रूप से सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल रही।