BREAKING
खबरें लोड हो रही हैं...
Home देश मुख्य सचिव बर्णवाल ने की सेवा संकल्प अभियान 2026 की तैयारियों की...

मुख्य सचिव बर्णवाल ने की सेवा संकल्प अभियान 2026 की तैयारियों की समीक्षा

0
3
News Desk

भोपाल : मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल ने सभी विभाग प्रमुखों से कहा है कि आगामी 17 सितंबर से चलने वाले एक माह के सेवा संकल्प अभियान-2026 की सभी सेवा गतिविधियों में संबंधित विभाग  हिस्सा ले। बर्णवाल ने शनिवार को मंत्रालय में अभियान की गतिविधियों के लिए की जा रही तैयारियों की समीक्षा की।

अभियान के पहले दिन सेवा आशीर्वाद का दिया प्रज्ज्वलन के अलावा रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे। आशीर्वाद का दीया 17 सितम्बर को शाम 7 बजे पूरे प्रदेश में एक साथ दीप प्रज्जवलन होगा। आयोजन प्रत्येक जिले के 10 आइकॉनिक लोकेशंस पर विशिष्ट व्यक्तियों की उपस्थिति मे होगा। ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में केन्द्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं के प्रत्येक हितग्राही परिवार के घर पर दिए जलाए जाएंगे। प्रत्येक ग्राम पंचायत में न्यूनतम 500 दीपक, प्रत्येक नगर पालिका वार्ड में न्यूनतम 500 दीपक, प्रत्येक नगर निगम वार्ड में न्यूनतम 1,000 दीपक और प्रत्येक नगर परिषद वार्ड में न्यूनतम 250 दीपक प्रज्ज्वलित किये जायेंगे। इसके अतिरिक्त जिला स्तर पर चिन्हित ऐतिहासिक स्थल, प्रमुख सार्वजनिक स्थान अथवा विगत 12 वर्षों में प्रधानमंत्री के कार्यकाल से जुड़ी उपलब्धियों के स्थल पर भी दीप प्रज्ज्वलन होगा। प्रदेश में निर्मित और निर्माणाधीन सभी आध्यात्मिक लोक जैसे – महाकाल लोक, राम राजा लोक, सलकनपुर देवी लोक आदि में विशेष रूप से सामूहिक दीप प्रज्जवलन के कार्यक्रम होंगे।

जहाँ विभिन्न कारणों से दीपक प्रज्ज्वलित करना संभव न हो, उन स्थानों पर लाईटिंग/रोशनी भी की जा सकेगी। लाभार्थी परिवारों, व्यक्तियों एवं संस्थाओं द्वारा दीप प्रज्जवलन के फोटो/वीडियो/रील www.modiat25.in पर अपलोड किए जायेंगे। लाड़ली बहना योजना की हितग्राहियों और स्वामित्व योजना के हितग्राही परिवारों को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की ओर से ऑडियो संदेश भी प्रेषित किया जाएगा।

रक्तदान शिविर

रक्तदान शिविर का आयोजन भी 17 सितम्बर को दिन में होगा। शिविर जिले के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, सिविल अस्पताल, जिला अस्पताल एवं मेडिकल कॉलेज में लगाए जाएंगे। रक्तदाताओं एवं इस कार्य से जुड़े व्यक्तियों / संस्थाओं रक्तदान शिविर के फोटो/वीडियो/रील www.modiat25.in पर अपलोड किए जा सकेंगे। ब्लड बैंक, रेडक्रास एवं मेडिकल कॉलेज से समन्वय होगा और डॉक्टर, पेरामेडिकल टीम, रक्तसंग्रह वाहन और आवश्यक चिकित्सा सुविधा सुलभ रखी जानी होगी

मेरे सपनों का भारत चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत यह कार्यक्रम दो स्तरों पर होगा । जिला स्तर पर 19 से 26 सितम्बर तक और राज्य स्तर पर  4 एवं 05 अक्तूबर को आयोजित होगा। सरकारी स्कूलों/कॉलेजों के साथ-साथ सभी निजी स्कूलों/कॉलेजों की भागीदारी अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाएगी। चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताओं के पुरस्कार वितरण का कार्यक्रम जिला स्तर पर होगा।प्रतियोगिता के विजेता विद्यार्थियों को  मुख्यमंत्री द्वारा हस्ताक्षरित प्रमाण-पत्र और पुरस्कार भी वितरित किए जाएँगे। शेष सभी प्रतिभागियों को जिला कलेक्टर द्वारा हस्ताक्षरित प्रमाण पत्र वितरित किये जायेंगे।

नमो सेवा- अनकही कहानियां

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत नमो सेवा – अनकही कहानियां का आयोजन 19 सितम्बर से 5 अक्टूबर तक होंगे। प्रत्येक जिले में कम से कम 10 नुक्कड़ नाटक टोलियाँ तैयार की जाएंगी। जिला स्तर पर इन टोलियों के कार्यक्रमों की शेड्यूलिंग की जाएगी। टोलियों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं जिला स्तर पर जिला कलेक्टर के मार्गदर्शन में की जाएंगी। 25 सितम्बर 2026 को जिला स्तर पर इन टोलियों/नाट्य मण्डलियों को सम्मानित किया जाएगा।

आंगन मिलन सेवा

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम 26 सितम्बर से 5 अक्टूबर तक सभी आंगनवाड़ी केन्द्रों पर आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव की अपील का एक वीडियो तैयार किया जाएगा और यह वीडियो मोबाइल/टी.व्ही. के जरिए आंगनवाड़ी में महिलाओं और बच्चों को दिखाया जाएगा। प्रत्येक आंगनवाड़ी में इस कार्यक्रम का आयोजन होगा, जिसमें बच्चों और माताओं के लिए पोषक स्वल्पाहार, खेल सामग्री, पठन सामग्री आदि की व्यवस्था स्थानीय स्तर पर की जाएगी।

सेवा की कहानी

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत यह कार्यक्रम 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक संचालित होगा। केन्द्र और राज्य सरकार की योजनाओं के कारण जिन हितग्राहियों का जीवन बदल गया है, उनके आभार स्वरूप संदेश/वीडियो तैयार किये जायेंगे। लाभ लेने से पहले की स्थिति और योजना का लाभ मिलने के बाद की स्थिति का वर्णन होगा। फोटो/वीडियो/रील हितग्राहियों द्वारा सेवा की कहानियों के www.modiat25.in पर अपलोड किए जायेंगे।  इस संबंध में आवश्यक समन्वय जिला स्तर से किया जाएगा।

सेवा ज्योति कलश यात्रा – विकसित भारत का संकल्प

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सेवा ज्योति कलश यात्रा – विकसित भारत का संकल्प  यात्रा 7 अक्टूबर 2026 को आयोजित होगी। इस दिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लोक सेवा के 25 वर्ष पूरे हो रहे है। जिले के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र से एक यात्रा निकलेगी। हर यात्रा के वाहन पर कार्यक्रम और सरकार की उपलब्धियां प्रदर्शित की जाएगी। यात्रा में आगे एक कलश और एक कृत्रिम मशाल भी रहेगी। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र की यात्रा विभिन्न मार्गो से होती हुई जिला मुख्यालय पर पहुँचेगी, जहाँ जन-प्रतिनिधियों की उपस्थिति में एक सार्वजनिक कार्यक्रम होगा। इस कार्यक्रम में उपस्थित जनसमूह को जिला विकास पुस्तिका भी वितरित की जाएगी। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी के उद्बोधन का सीधा प्रसारण भी किया जाएगा। यात्रा का रुटचार्ट जिला कलेक्टर द्वारा स्थानीय जन-प्रतिनिधियों से परामर्श कर बनाया जाएगा।

वडनगर गुजरात – वाराणसी उत्तर प्रदेश सेवा यात्रा

सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत वडनगर गुजरात – वाराणसी उत्तर प्रदेश सेवा यात्रा का आयोजन 2 स्थानों से एक साथ चलेगी एक यात्रा वडनगर से वाराणसी की ओर तथा दूसरी यात्रा वाराणसी से वडनगर की ओर। यात्राओं के आयोजन की अवधि 17 सितम्बर से 7 अक्टूबर 2026 तक रहेगी। मध्यप्रदेश के सभी 55 जिलों में 13 यात्रा मार्गो से यह यात्रा गुजरेगी। एक यात्रा टोली में 25 मोटर साईकिल सवार होंगे। इस प्रकार 10 टोलियाँ वाराणसी और 10 टोलियाँ वडनगर से निकलेंगी। इसके अतिरिक्त प्रत्येक टोली में 03 बड़े वाहन भी रहेंगे। इस प्रकार प्रति टोली व्यक्तियों की संख्या लगभग 100 रहेगी। यात्रा में शामिल होने वाले प्रतिभागियों के लिए मध्यप्रदेश के जिले में आगमन पर जिला स्तर से आवश्यक व्यवस्थायें सुनिश्चित की जाएंगी। यात्रा के लिए जिले की सीमा में प्रवेश से लेकर जिले की सीमा से प्रस्थान तक सुरक्षा, सुविधा, समन्वय, जिले से सहभागिता आदि सभी सुनिश्चित की जाएगी।

सेवा मेरा योगदान

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत  सेवा मेरा योगदान कार्यक्रम 2 अक्टूबर से 10 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होगा। इसके लिए 25 सेवा गतिविधियाँ चिन्हांकित की गई है।  प्रत्येक जिले के लिए यह आवश्यक होगा कि वे  कम से कम 10 गतिविधियों का चयन अनिवार्य रूप से करेंगे। प्रत्येक गतिविधि में समाज के सभी वर्गों और संस्थाओं की सहभागिता महत्वपूर्ण होगी। सेवा मेरा योगदान अंतर्गत आयोजित गतिविधियों में शामिल होने वाले व्यक्तियों/संस्थाओं द्वारा फोटो/वीडियो/रील www.modiat25.in पर अपलोड किए जा सकेंगे।  

 सेवा सेतु अभियान – सरकार आपके द्वार

सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत यह कार्यक्रम 02 अक्टूबर से 10 अक्टूबर 2026 तक आयोजित किया जायेगा। सेवा सेतु कार्यक्रम की अवधि में प्रत्येक जिले में ग्रामीण क्षेत्रों में विकासखंड स्तर पर और नगरीय निकायों में जोनवार मेगा शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इसके अंतर्गत केन्द्र और राज्य सरकार की विभिन्न हितग्राहीमूलक योजनाओं के हितलाभ मौके पर ही प्रदान किए जाएंगे। जन-विश्वास अभियान को भी इस कार्यक्रम के साथ जोड़ा जाना है ।सेवा सेतु कार्यक्रम अंतर्गत आयोजित गतिविधियों में सम्मिलित होने वाले आवेदकों/हितग्राहियों/संस्थाओं द्वारा फोटो/वीडियो/रील www.modiat25.in पर अपलोड किए जा सकेंगे।  

सेवा के रंग – राष्ट्र के संग भारत मंडल

सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत यह कार्यक्रम 9 एवं 10 अक्टूबर को आयोजित होगा। इसके अंतर्गत प्रदेश के 06 जिलों भोपाल, इन्दौर, जबलपुर, ग्वालियर, झाबुआ और आलीराजपुर में बड़े मैदानों पर ह्यूमन रंगोली का निर्माण किया जाएगा। कार्यक्रम में बड़े पैमाने पर जन-सहभागिता होगी। ह्यूमन रंगोली को ड्रोन से शूट किया जाएगा।

 सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज

सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत यह कार्यक्रम देश के 05 स्थानों के अतिरिक्त महाराष्ट्र, गुजरात, बैंगलुरु, नई दिल्ली, कोलकाता प्रदेश में 01 चिन्हित स्थान पर आयोजित किया जाएगा। आयोजन की संभावित तिथि 12 अक्टूबर 2026 रहेगी। इसके अतिरिक्त प्रदेश के इन्क्यूबेटर्स, स्टार्ट-अप लीडर्स और इनोवेटर्स राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित कार्यक्रम में भी सहभागिता करेंगे। इसके लिये उत्तरदायी विभाग औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्ययम, कुटीर एवं ग्रामोद्योग, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग होंगे।

सुशासन सेवा संवाद

सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत यह कार्यक्रम राष्ट्रीय स्तर पर 17 अक्टूबर को आयोजित होगा। इस कार्यक्रम में मध्यप्रदेश से पंच और सरपंच दिल्ली जाएंगे।

 25 साल – 25 कहानियाँ नेशनल अन्बाक्सिंग

सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत केन्द्र सरकार से प्राप्त होने वाली किट्स का वितरण स्थानीय स्तर पर सभी जिलों में गणमान्य नागरिकों और प्रबुद्ध वर्ग के परिवारों में भेंट कर कियाजाएगा।

विकसित भारत संकल्प यात्रा – इन्फ्लूऐंसर एक्सचेंज कार्यक्रम

मध्यप्रदेश में बिहार, उड़ीसा, झारखण्ड राज्यों से इन्फ्लूऐंसर आएंगे और चिन्हित जिलों के चिन्हित स्थानों का भ्रमण करेंगे। सोशल मीडिया इन्फ्लूऐंसर्स को जिलों के भ्रमण के दौरान आवश्यक व्यवस्थाओं का समन्वय एवं सहयोग दिया जाना अपेक्षित है।