BREAKING
खबरें लोड हो रही हैं...
Home उत्तर प्रदेश 9 किमी लंबी ट्रकों की कतार घटकर 6 किमी हुई:भैरहवा भंसार रात...

9 किमी लंबी ट्रकों की कतार घटकर 6 किमी हुई:भैरहवा भंसार रात 1 बजे तक खुला तो 516 वाहनों की निकासी; CTD वाले माल का रास्ता भी बदला

0
8

नेपाल में बाढ़ और भूस्खलन के बाद भारत-नेपाल सीमा पर मालवाहक वाहनों का दबाव धीरे-धीरे कम हो रहा है। सोनौली सीमा पर करीब 9 किलोमीटर लंबी वाहनों की कतार अब घटकर लगभग 6 किलोमीटर रह गई है। भैरहवा भंसार कार्यालय को अतिरिक्त समय तक खोले जाने से वाहनों की निकासी में तेजी आई है। बुधवार रात भैरहवा भंसार कार्यालय को रात 1 बजे तक खोला गया। इस दौरान 516 मालवाहक वाहनों की निकासी हुई। इसके बाद गुरुवार को 357 और शुक्रवार दोपहर तक 123 वाहन नेपाल भेजे गए। लगातार वाहनों की निकासी होने से शनिवार को भी सीमा पर ट्रकों की कतार में कमी दिखाई दी। CTD वाले माल का बदला रास्ता नेपाल के रसुवा बॉर्डर क्षेत्र में आई बाढ़ और भूस्खलन से वहां से सीधे नेपाल जाने वाले माल की आवाजाही प्रभावित हुई है। इसके चलते कस्टम ट्रांजिट दस्तावेज (CTD) से जुड़े माल का रूट बदला गया है। अब यह माल रसुवा बॉर्डर से सीधे नेपाल जाने के बजाय भारत के कोलकाता पोर्ट पहुंच रहा है। इसके बाद CTD प्रक्रिया के तहत मालवाहक वाहन सोनौली सीमा के रास्ते नेपाल भेजे जा रहे हैं। पिछले दो दिनों में करीब 20 CTD वाहन सोनौली के रास्ते नेपाल पहुंचे हैं। सीमा पर CTD की सील और दस्तावेजों की जांच के बाद ही वाहनों को आगे जाने की अनुमति दी जा रही है। सड़क और पुल टूटने से प्रभावित है आवाजाही नेपाल के काठमांडू और पोखरा समेत कई प्रमुख मार्गों पर अभी यातायात पूरी तरह सामान्य नहीं हुआ है। त्रिशूली और भोटेकोशी नदी वाले क्षेत्रों में सड़क और पुल क्षतिग्रस्त होने से माल की आवाजाही प्रभावित हुई है। ऐसे में सोनौली को वैकल्पिक मार्ग के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा है। इन दिनों चीन से आने वाले झालर, सजावटी सामान और इलेक्ट्रिक वाहनों की मांग भी बढ़ी है। इससे सोनौली सीमा से माल की आवाजाही बढ़ी है। कस्टम अधीक्षक संजय मिश्रा ने बताया कि भंसार कार्यालय को अतिरिक्त समय तक संचालित किए जाने से वाहनों की निकासी तेज हुई है। इससे सीमा पर मालवाहक वाहनों की कतार लगातार कम हो रही है।