BREAKING NEWS
खबरें लोड हो रही हैं...
Home ग्राउंड रिपोर्ट केदारनाथ में भूस्खलन से यात्रा प्रभावित, जानें 65 घंटे की बारिश से...

केदारनाथ में भूस्खलन से यात्रा प्रभावित, जानें 65 घंटे की बारिश से यूपी में क्या हालात

  • कई इलाकों में बाढ़ का खतरा, यूपी के 22 जिलों में अचानक बाढ़ का खतरा

नई दिल्ली/देहरादून/लखनऊ। उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश के बीच रुद्रप्रयाग जिले में केदारनाथ यात्रा मार्ग पर भूस्खलन होने से करीब 4 हजार श्रद्धालु रास्ते में फंस गए हैं। पहाड़ी से लगातार मलबा गिरने के कारण मार्ग को खोलने में परेशानी आ रही है। खराब मौसम को देखते हुए प्रशासन ने आज केदारनाथ यात्रा पर रोक लगा दी है। इसके साथ ही हेली सेवाएं भी बंद कर दी गई हैं।

मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है। देहरादून, टिहरी, हरिद्वार और पौड़ी में रेड अलर्ट है। वहीं उत्तरकाशी, चमोली, नैनीताल और रुद्रप्रयाग में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। बागेश्वर, अल्मोड़ा, चंपावत, ऊधम सिंह नगर और पिथौरागढ़ में यलो अलर्ट है।

उत्तर प्रदेश में बारिश और आंधी से भारी नुकसान
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में लगातार बारिश का दौर जारी है। लखनऊ, कानपुर, उन्नाव, बाराबंकी, अयोध्या और जौनपुर समेत करीब 45 शहरों में 65 घंटे से बारिश हो रही है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल रही हैं।

संबंधित खबरें

प्रदेश के 22 जिलों में अचानक बाढ़ का खतरा बना हुआ है। आंधी और बारिश के कारण पिछले दो दिनों में 60 लोगों की मौत की सूचना है। कई इलाकों में किसानों की फसलें बर्बाद हो गई हैं। तेज हवाओं के कारण बड़ी संख्या में पेड़ और बिजली के खंभे भी गिर गए हैं, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ है।

बिहार में नदियां उफान पर, हजारों गांव प्रभावित
बिहार में साइक्लोन अर्नब का प्रभाव अब कमजोर पड़ गया है, लेकिन लगातार हो रही बारिश ने मुश्किलें बढ़ा दी हैं। राज्य में पिछले 72 घंटे से बारिश जारी है। नेपाल के तराई इलाकों में हो रही भारी बारिश के चलते गंडक और कोसी नदियों का जलस्तर बढ़ गया है।

बाढ़ के कारण 17 जिलों के करीब 6 हजार गांवों का संपर्क प्रभावित हुआ है और कई गांव टापू में तब्दील हो गए हैं। करीब 500 घर बाढ़ के पानी से घिरे बताए जा रहे हैं। सुपौल जिले के लगभग 50 गांवों में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। प्रशासन की ओर से प्रभावित इलाकों पर लगातार नजर रखी जा रही है।